51 दिन बाद अपहृत युवती सकुशल बरामद, आरोपी गिरफ्तार; विवाह के साक्ष्य मिलने पर बढ़ी धाराएं
महराजगंज। थाना श्यामदेउरवां पुलिस ने अपहरण के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए करीब 51 दिन से लापता युवती को सकुशल बरामद कर लिया है। पुलिस ने मामले में नामजद आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ गुरुदीप गुप्ता को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, 16 मई 2026 को आरोपी युवती को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। पीड़िता के परिजनों की तहरीर पर 18 मई को थाना श्यामदेउरवां में मुकदमा संख्या 142/2026 धारा 137(2) बीएनएस के तहत दर्ज किया गया था।
विवेचना के दौरान पुलिस टीम ने 7 जुलाई 2026 को युवती को सकुशल बरामद कर आरोपी धर्मेन्द्र उर्फ गुरुदीप गुप्ता निवासी लक्ष्मीपुर टोला अमहवा, थाना पनियरा (हाल पता मोहना, थाना कैंपियरगंज, जनपद गोरखपुर) को गिरफ्तार कर लिया।
जांच में युवती से विवाह किए जाने के साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने मुकदमे में धारा 87 बीएनएस की भी बढ़ोतरी कर दी है। आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत श्यामदेउरवां पुलिस की इस कार्रवाई को महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।