

रिपोर्ट। धरकास मोखा। गुजरात
मुंद्रा (कच्छ):
कच्छ के मुंद्रा तालुका के पत्री गांव की सीमा में एक बुजुर्ग की बेरहमी से हत्या की घटना सामने आने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। कुंदरोडी गांव के निवासी अब्दुल्ला हुसैन पठान नाम के बुजुर्ग जब सब्जी की फेरी लगाने निकले थे, तभी करीब पांच लोगों ने उन पर लोहे के पाइप से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में गंभीर चोटें आने के कारण बुजुर्ग की मौके पर ही मौत हो गई। शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक ने पहले अपने घर के पास वाहन पार्क करने को लेकर आरोपियों को टोका था, जिसकी रंजिश में इस हमले को अंजाम दिए जाने की आशंका है।
पीड़ित परिवार का आरोप: पुलिस अन्य तीन आरोपियों के नाम शामिल नहीं कर रही
इस सनसनीखेज मामले में प्रागपर पुलिस स्टेशन में कुंदरोडी गांव के इम्तियाज कासिम हालेपोत्रा और हरदीपसिंह अजीतसिंह सोढ़ा नाम के दो लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। हालांकि, मृतक के परिवार का आरोप है कि इस हमले में कुल पांच लोग शामिल थे और पुलिस अन्य तीन आरोपियों के नाम एफआईआर में दर्ज नहीं कर रही है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंचा और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आगे की कार्रवाई शुरू की। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और मामले के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है।






