A2Z सभी खबर सभी जिले की

खण्डन’’* *’’बगड़ी नगर सीएचसी में जनरेटर पूर्णतः कार्यशील, प्रकाशित समाचार भ्रामक एवं तथ्यहीन’’*

खण्डन’’*
*’’बगड़ी नगर सीएचसी में जनरेटर पूर्णतः कार्यशील, प्रकाशित समाचार भ्रामक एवं तथ्यहीन’’*
IMG 1659
’’पाली, 08 जुलाई।’’ जिले के एक निजी समाचार पत्र के 3 जुलाई 2026 के अंक में ’’बगड़ी नगर अस्पताल में जनरेटर होने के बाद भी नहीं करते चालू’’ शीर्षक से प्रकाशित समाचार का मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने खण्डन करते हुए स्पष्ट किया है कि यह समाचार वास्तविक तथ्यों पर आधारित नहीं है तथा बिना समुचित सत्यापन के प्रकाशित किया गया है।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बगड़ी नगर में विद्युत आपूर्ति बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर पूर्णतः कार्यशील एवं सुचारू अवस्था में उपलब्ध है। जनरेटर मैन्युअल प्रणाली से संचालित होता है, जिसे आवश्यकता एवं परिस्थितियों के अनुरूप ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक अथवा नर्सिंग कार्मिक द्वारा चालू एवं बंद किया जाता है। इसका उद्देश्य आपातकालीन एवं आवश्यक चिकित्सा सेवाओं को निर्बाध बनाए रखना है।

उन्होंने बताया कि 2 जुलाई 2026 को क्षेत्र में अचानक हुई तेज वर्षा के कारण विद्युत आपूर्ति बाधित हुई थी। उस समय मौसम अपेक्षाकृत ठंडा होने के कारण अस्पताल में भर्ती किसी भी मरीज अथवा उनके परिजनों द्वारा गर्मी, घुटन अथवा अन्य किसी प्रकार की असुविधा की शिकायत दर्ज नहीं कराई गई। ड्यूटी पर तैनात नर्सिंग अधिकारियों हीरालाल एवं कैलाश के अनुसार परिस्थितियों को देखते हुए तत्काल जनरेटर संचालित करने की आवश्यकता महसूस नहीं हुई।

मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि विद्युत आपूर्ति बाधित होने के लगभग दस मिनट बाद एक पत्रकार द्वारा दूरभाष पर संस्थान प्रभारी से जनरेटर के संबंध में जानकारी ली गई थी। उस समय भी उन्हें स्पष्ट रूप से अवगत कराया गया था कि जनरेटर पूर्णतः कार्यशील है तथा आवश्यकता पड़ने पर उसका उपयोग किया जाता है। इसके बावजूद अस्पताल प्रशासन से विस्तृत तथ्य प्राप्त किए बिना तथा वास्तविक स्थिति का भौतिक सत्यापन किए बिना समाचार प्रकाशित कर दिया गया।

उन्होंने बताया कि जनरेटर के संचालन से संबंधित ईंधन उपभोग, संचालन अवधि एवं अन्य आवश्यक विवरणों का नियमित रूप से जनरेटर संचालन रजिस्टर में संधारण किया जाता है। उपलब्ध अभिलेख इस बात की पुष्टि करते हैं कि अस्पताल में आवश्यकता के अनुसार जनरेटर का नियमित एवं व्यवस्थित उपयोग किया जाता रहा है।

सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, बगड़ी नगर के प्रभारी से प्राप्त प्रतिवेदन एवं उपलब्ध अभिलेखों के परीक्षण से यह स्पष्ट हुआ है कि प्रकाशित समाचार धरातलीय वास्तविकताओं पर आधारित नहीं है। अस्पताल में जनरेटर पूर्णतः कार्यशील है तथा मरीजों के हित में आवश्यकता एवं परिस्थितियों के अनुसार उसका उपयोग किया जाता है। अतः संबंधित समाचार तथ्यहीन, भ्रामक एवं बिना समुचित सत्यापन के प्रकाशित किया गया है।

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!