A2Z सभी खबर सभी जिले की

कलेक्टर ने मालखेड़ा एवं जावी के प्राथमिक विद्यालयों का किया निरीक्षण

गतिविधि आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के दिए निर्देश

IMG 20260708 WA0010नीमच, 08 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा ने बुधवार को जिले के मालखेड़ा एवं जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालयों का निरीक्षण कर शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की सीखने की क्षमता तथा विद्यालयीन व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
मालखेड़ा स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय में कलेक्टर श्री चंद्रा ने छात्र-छात्राओं के बैठने की व्यवस्था का अवलोकन किया। उन्होंने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों से गणित विषय के प्रश्न पूछे तथा बच्चों से ब्लैकबोर्ड पर प्रश्न हल करवाकर उनकी शैक्षणिक दक्षता का परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कक्षा पहली एवं दूसरी के नवप्रवेशी विद्यार्थियों के लिए संचालित गतिविधि आधारित शिक्षण को देखकर कलेक्टर ने विद्यालय की शिक्षिका श्रीमती चंद्रा श्योपुरा की सराहना की। उन्होंने जिला परियोजना समन्वयक (डीपीसी) को निर्देश दिए कि नवप्रवेशी बच्चों के सहज शिक्षण एवं विद्यालयीन वातावरण से जुड़ाव के लिए प्रत्येक विद्यालय में शैक्षणिक सत्र के प्रारंभिक 10 से 15 दिनों तक गतिविधि आधारित कक्षाएं संचालित की जाएं।
इसके पश्चात कलेक्टर श्री चंद्रा ने जावी स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने कक्षा पांचवीं के विद्यार्थियों के बीच बैठकर हिंदी विषय की पाठ्यपुस्तक से पाठ पढ़ाया तथा बच्चों के साथ संवाद कर उनकी पठन क्षमता एवं सीखने की गुणवत्ता का आकलन किया।
निरीक्षण के दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती ऐश्वर्या मूंदड़ा, जिला परियोजना समन्वयक श्री दिलीप व्यास, मालखेड़ा विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती ममता बीरवाल तथा जावी विद्यालय के संस्था प्रधान श्री बालमुकुंद सुथार सहित संबंधित अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे।

Back to top button
error: Content is protected !!