
कतरास/जेलगोरा: अलकडीहा ओपी क्षेत्र के पारबाद स्थित काली मंदिर के समीप अवैध कोयला कारोबार के खिलाफ सीआईएसएफ, बीसीसीएल एवं स्थानीय प्रशासन ने संयुक्त रूप से छापेमारी अभियान चलाया। गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में अवैध रूप से जमा किए गए कोयले को जब्त किया गया।
छापेमारी के दौरान सीआईएसएफ, बीसीसीएल के अधिकारियों और स्थानीय प्रशासन की संयुक्त टीम ने पूरे क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान लगभग 19 टन अवैध कोयला बरामद कर जब्त किया गया, जिसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद बीसीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द कर दिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध खनन एवं कोयला तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







