A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेश

सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने क्षेत्र पंचायत की अंतिम बोर्ड बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा की

ललितपुर।

विकास खण्ड विरधा स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल सभागार में क्षेत्र पंचायत की अंतिम बोर्ड बैठक सदर विधायक ललितपुर रामरतन कुशवाहा एवं राज्यमंत्री श्रम एवं सेवायोजन मनोहरलाल पंथ की गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुई।

बैठक को संबोधित करते हुए सदर विधायक ललितपुर रामरतन कुशवाहा ने कहा कि क्षेत्र पंचायत ग्रामीण विकास की आधारशिला है। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के समन्वित प्रयासों से ही शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

बैठक में पेयजल, सड़क, विद्युत, शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। सदर विधायक ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण किए जाएँ तथा जनता की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

सदर विधायक ने क्षेत्र पंचायत के वर्तमान कार्यकाल के दौरान जनप्रतिनिधियों द्वारा किए गए विकास कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि जनसेवा का उद्देश्य सदैव जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना होना चाहिए। उन्होंने सभी क्षेत्र पंचायत सदस्यों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग की सराहना करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

बैठक में क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं अधिकारियों ने भी अपने सुझाव प्रस्तुत किए तथा विकास कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने पर विचार-विमर्श किया। बैठक का समापन क्षेत्र के समग्र विकास एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ हुआ।

बैठक में ब्लॉक प्रमुख मोहित निरंजन, जिला पंचायत सदस्य रामू कुशवाहा, पूर्व ब्लॉक प्रमुख जयराम निरंजन, खण्ड विकास अधिकारी इरशाद अहमद सहित समस्त संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे

 

रामजी तिवारी मड़ावरा

जिला संवाददाता ललितपुर

Back to top button
error: Content is protected !!