
ललितपुर। नगर पालिका परिषद, ललितपुर द्वारा नगर के समग्र विकास एवं सौंदर्यीकरण के संकल्प को निरंतर साकार किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर क्षेत्र के वार्ड नंबर 18 में स्थित माँ कर्मा बाई पार्क में अवस्थापा निधि से 14 लाख 95 हज़ार रूपये की लागत से दिव्यांगजनों के लिए विशेष रूप से विकसित दिव्यांगजन पार्क का भव्य लोकार्पण पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा एवं सम्मानित सभासदों द्वारा किया गया।
लोकार्पण के उपरांत पालिका अध्यक्ष ने पार्क का निरीक्षण कर दिव्यांगजनों के लिए विकसित की गई सुविधाओं का अवलोकन किया तथा संबंधित अधिकारियों को पार्क की नियमित साफ-सफाई, हरियाली एवं रखरखाव के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नगर के विकास का उद्देश्य केवल निर्माण कार्य कराना नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पालिका अध्यक्ष श्रीमती सोनाली जैन अभिलाषा ने कहा कि “दिव्यांगजन समाज का अभिन्न अंग हैं। उनके लिए सम्मानजनक एवं सुविधायुक्त सार्वजनिक स्थल उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिक जिम्मेदारी है। कर्मा बाई पार्क में विकसित दिव्यांगजन पार्क इसी सोच का परिणाम है। यह पार्क सामाजिक समरसता, समान अवसर और संवेदनशील प्रशासन का प्रतीक बनेगा।”
उन्होंने कहा कि नगर पालिका परिषद ललितपुर विकास, स्वच्छता, सौंदर्यीकरण, पर्यावरण संरक्षण और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नगर के प्रत्येक वार्ड में सड़क, नाली, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, पार्कों का विकास तथा अन्य आधारभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जा रहा है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्य पूरी गुणवत्ता एवं पारदर्शिता के साथ निरंतर जारी रहेंगे। उन्होंने कहा कि “नगर का विकास ही हमारी प्राथमिकता है। हमारा प्रयास है कि ललितपुर ऐसा नगर बने जहां प्रत्येक नागरिक, प्रत्येक परिवार और प्रत्येक वर्ग स्वयं को सुरक्षित, सम्मानित और सुविधासंपन्न महसूस करे। जनता का विश्वास हमारी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के साथ हम विकास की इस यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे।”
कार्यक्रम में उपस्थित नागरिकों ने दिव्यांगजन पार्क के निर्माण की सराहना करते हुए इसे नगर पालिका परिषद की जनकल्याणकारी एवं दूरदर्शी पहल बताया। लोगों ने विश्वास व्यक्त किया कि ऐसे विकास कार्य नगर की पहचान को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के जीवन को और अधिक सुगम एवं बेहतर बनाएंगे।
इस दौरान अध्यक्ष प्रतिनिधि श्री मुन्ना लाल जैन, अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा, पार्षद अलोक जैन मयूर, पार्षद मुस्तफ़ा खान, पार्षद कुंदन पाल, पार्षद प्रतिनिधि अमरदीप रजक, अवर अभियंता निधि पाण्डेय, सफाई निरीक्षक महेन्द्र सिंह यादव, निर्माण लिपिक दीपेंद्र कुमार, कर लिपिक चंद्रविनोद मिश्रा, नजूल लिपिक सुधीर रावत, लिपिक अमित पाराशर, हितेंद्र रैकवार, गैरिज प्रभारी अमित कुमार रिंकू सहित पालिका के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
रामजी तिवारी मड़ावरा
जिला संवाददाता ललितपुर













