
गोवर्धन पूजा के अवसर पर दुगोला का आयोजन

उदवंतनगर। प्रखंड क्षेत्र के भगवतीपुर गांव में गोवर्धन पूजा के अवसर पर गाय व गोवर्धन के साथ ही भगवान कृष्ण की पूजा अर्चना किया गया । भगवतीपुर निवासी राज नारायण सिंह उर्फ नेताजी ने गाय व गोवर्धन का पूजन-अर्चन किया तथा प्रसाद के रूप में खीर पूड़ी का वितरण किया गया।गो पूजन के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम दुगोला का आयोजन किया गया जिसमें झारखंड से आए रामाशंकर सिंह व्यास व बलिया उत्तरप्रदेश से आए बूढ़ा व्यास के बीच शानदार मुकाबला हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन बतौर मुख्य अतिथि संदेश के पूर्व विधायक व राजद नेता विजेंद्र यादव ने किया।इस अवसर पर बोलते हुए पूर्व विधायक ने कहा कि भगवान कृष्ण ने बाल्यकाल में ब्रजवासियों को गोवर्धन पर्वत की महत्ता बताते हुए गोवर्धन को साक्षात देवता बताया तथा गाय व गोवर्धन की पूजा अर्चना शुरू कराया। उनके तर्क था कि गोवर्धन हमारी गायों को चारा व हरे हरे वृक्ष देता है। इस लिए इन्द्र देव की जगह गोवर्धन की पूजा की पूजा जाय। उन्होंने ब्रजवासियों को इन्द्र के कोप से बचाया।तब से गाय व गोवर्धन की पूजा करने का प्रचलन है। आयोजन कर्ता नेताजी ने प्राचीन काल से ही गाय व गोवर्धन की पूजा की परंपरा चली आ रही है।आज प्रत्येक गांव में प्रतीक स्वरूप गोवर्धन पर्वत बनाकर सुख व समृद्धि के लिए गोवर्धन पूजा की जाती है जिसमें गो पालकों के साथ ही समाज के अन्य लोगों की सहभागिता होती है। सांस्कृतिक कार्यक्रम की शुरुआत रामाशंकर सिंह व्यास ने वंदना के साथ शुरू किया। उसके बाद बूढ़ा व्यास ने सुमिरन प्रस्तुत किया। रामाशंकर सिंह व्यास ने भिखारी ठाकुर के तर्ज पर कृष्ण व राधा को समर्पित हरे गगरियां हो साजन हमरा के भरे द.. भजन प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। दोनों ब्यासों की प्रस्तुति ने अंत तक शमां बांधे रखा। मौके पर अगिआंव प्रमुख मुकेश यादव, उदवंंतनगर प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि गुड्डू सिंह, मुन्ना पासवान,उपप्रमुख प्रतिनिधि अर्जुन सिंह,भीम यादव श्रीराम सिंह, पप्पू यादव, कृष्णा सिंह, देवेन्द्र यादव, सिपाही जी सहित सैंकड़ों लोग मौजूद थे।


