
moradabad murder – फोटो : मुरादाबाद के मूंढापांडे थाना इलाके के सिहोरा बाजे में बुधवार सुबह एक महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। महिला ने पहले पति को तलाक देकर चार माह पहले ही सुबहान से प्रेम विवाह किया था। महिला के गले और शरीर पर चोटों के निशान हैं।
पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर पति समेत छह लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया है। हत्या के बाद आरोपी पति समेत कई ससुराल वाले घर से भाग गए।
रामपुर जनपद के अजीमनगर थाना क्षेत्र के खेमपुर निवासी मेहनाज (24) की शादी चार साल पहले तेलीपुरा निवासी युवक के साथ हुई थी। इसी बीच मेहनाज के प्रेम संबंध मूंढापांडे के सिहोरा बाजे गांव निवासी सुबहान के साथ हो गए। सुबहान के गांव में ही मेहनाज के मामा रहते हैं। सुबहान सैलून पर काम करता है। प्रेम प्रसंग के बाद मेहनाज सुबहान के साथ फरार हो गई थी। इस मामले में अजीमनगर थाने में उसके मायके वालों ने केस दर्ज कराया था।
इसके बाद पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया था। हालांकि, इस घटना के बाद पहले पति ने मेहनाज को तलाक दे दिया था। सात अगस्त 2024 को सुबहान ने मेहनाज से प्रेम विवाह कर लिया था।
महिला के भाई ने लगाए गंभीर आरोप
इसके बाद से मेहनाज सुबहान के घर में ही रह रही थी। मेहनाज के भाई नासिर का आरोप है कि शादी करने के बाद सुबहान और उसके परिवार के लोग दहेज के लिए उत्पीड़न कर रहे थे। छोटी-छोटी बातों पर उसे ताने देते थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े छह बजे उसे सूचना मिली कि उसकी बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी गई है।
महिला के शरीर पर चोट के निशान
नासिर और उसके परिवार के लोग सिहोरा बाजे पहुंचे मेहनाज का घर में शव पड़ा था। उसके गले पर चोटों के निशान थे। सूचना मिलने पर सीओ हाईवे कुलदीप गुप्ता और थाना प्रभारी आरपी शर्मा भी मौके पर पहुंच गए और फोरेंसिक टीम मौके पर बुला ली गई। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह बताया कि मृतका के भाई की तहरीर पर पति सुबहान, ससुर दिलशाद, सास फिरोजा, गुलफिजा, अरमान और भूरा के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।
मौ दीन पत्रकार रिपोर्टर भोजपुर जिला मुरादाबाद






