
डीडवाना-कुचामन जिले में जनभावना के अनुरूप पारदर्शी एवं संवेदनशील वातावरण में आमजन की परिवेदनाओं व समस्याओं की सुनवाई एवं त्वरित समाधान के लिए जिला स्तरीय जनसुनवाई गुरुवार को जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट के वीसी कक्ष में आयोजित हुई।
जिला स्तरीय जनसुनवाई में अतिक्रमण हटाने,रास्ता दिलाने, राजस्व रिकॉर्ड में शुद्धिकरण करने, सीमाज्ञान कराने,दर्ज शिकायतों की जांच कराने,फसल बीमा का क्लेम दिलाने एवं राजस्व कार्यों से जुड़े प्रकरणों सहित विभिन्न जनसमस्याओं से संबंधित कुल 42 परिवाद प्राप्त हुए, जिनकी सुनवाई कर जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित निस्तारण करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य सचिव श्री सुधांश पंत ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने जरूरतमंद व्यक्ति की समस्या का निस्तारण सर्वोच्च प्राथमिकता से करने एवं समस्याओं की तस्सली से सुनवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने संपर्क पोर्टल पर दर्ज एवं निस्तारित प्रकरणों की समीक्षा की। निस्तारित प्रकरणों के समय और संतुष्टि प्रतिशत के बारे में जाना।
जनसुनवाई के दौरान जिला कलक्टर ने कहा कि जिला स्तरीय जनसुनवाई में अधिकारी उनके विभाग के लंबित प्रकरणों की नियमित समीक्षा करें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी संपर्क पोर्टल पर दर्ज प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
*जनसुनवाई के दौरान बुजुर्ग परिवादी को प्रदान की सुनने की मशीन*
गुरुवार को आयोजित जिला स्तरीय जनसुनवाई में जिला कलक्टर डॉ महेंद्र खड़गावत ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए बुजुर्ग परिवादी को सुनने की मशीन (हियरिंग ऐड) प्रदान की। जब खारिया निवासी और हाल में मौलासर में निवासरत भागीरथराम उनके जमीन के विवाद से जुड़े परिवाद को लेकर जनसुनवाई में पंहुचे, इस पर जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने बुजुर्ग भागीरथराम से उनके परिवाद के बारे में जानकारी लेने के लिए बात की तो बुजुर्ग परिवादी ने कम सुनने की बात बताई, इस पर जिला कलक्टर ने समाज कल्याण अधिकारी जयपाल सिंह को कहकर बुजुर्ग के लिए सुनने की मशीन मंगवाई और भागीरथराम को प्रदान की, इसके लिए बुजुर्ग परिवादी ने जिला कलक्टर सहित सम्पूर्ण प्रशासन को धन्यवाद दिया।
इस दौरान जनसुनवाई में पुलिस अधीक्षक श्रीमती ऋचा तोमर, अतिरिक्त जिला कलक्टर महेंद्र मीणा, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे और ब्लॉक स्तरीय अधिकारी वीसी के जरिये जुड़े।
––00––



