
बिजली नहीं रहने से पानी का सप्लाई भी बंद
हजारों लोग बिजली पानी की समस्या को लेकर परेशान
कतरास : बीसीसीएल एरिया तीन के महेशपुर कोलियरी का ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण सिनिडीह,75 क्वार्टर,रिटायरमेंट कॉलोनी,ऊपर धौड़ा, बत्ती घर आदि की बिजली आपूर्ति ठप हो गई है। साथ ही बिजली नहीं रहने से पानी की आपूर्ति भी नहीं हो पा रहा है। इस वजह से हजारों लोग पिछले दो दिनों से अंधेरे में रहने को मजबूर हैं।
दुर्गा पूजा के समय ट्रांसफार्मर जल जाने से लोगों में मायूसी का माहौल है। अगर पूजा से पहले दूसरा ट्रांसफार्मर नहीं लगा तो पूजा पाठ करने में लोगों को काफी परेशानी उठानी पड़ सकती है और त्यौहार का मजा खराब हो सकता है।
ग्रामीणों का कहना है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की जानकारी बाघमारा विधायक को दी गई है, उन्होंने बीसीसीएल के अधिकारियों से वार्ता कर जल्द ही दूसरा ट्रांसफार्मर लगवाने का आश्वासन दिया है।











