
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट

उत्तराखंड देहरादून न्यूज़: राहत की खबर… एलयूसीसी घोटाले में दाखिल हुई 10 चार्जशीट, विशेष न्यायालय ने लिया संज्ञान
एलयूसीसी चिटफंड घोटाले में पीड़ितों के लिए एक बड़ी राहत की खबर आई है। राज्यभर में एलयूसीसी के कथित नेटवर्किंग योजनाओं के तहत निवेश के नाम पर ठगे गए सैकड़ों लोगों से जुड़े 10 मामलों में पुलिस ने अगस्त तक चार्जशीट दाखिल कर दी है। बड्स एक्ट (अनियमित जमा योजनाओं पर प्रतिबंध अधिनियम, 2019) की विशेष अदालत ने सभी चार्जशीट पर संज्ञान ले लिया है और अब आरोप तय करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
वरिष्ठ लोक अभियोजक पंकज कुमार राय ने बताया कि इन मामलों में लगातार तारीखें लगाई जा रही हैं, और अदालत की ओर से आरोप निर्धारण के लिए आरोपियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं। सोमवार को भी एक मामले में आरोपियों को नोटिस जारी किए गए। आरोप तय होने के बाद गवाहों की सुनवाई और साक्ष्य पेश करने की प्रक्रिया शुरू होगी।
एलयूसीसी घोटाले में कथित नेटवर्किंग योजनाओं के माध्यम से प्रदेशभर में सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी हुई है। इस मामले में विभिन्न राज्यों के पीड़ितों ने देहरादून में भी रकम वापसी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। अब बड्स एक्ट की विशेष अदालत की त्वरित कार्यवाही पीड़ितों के लिए न्याय की नई उम्मीद बनी है।
जैसे ही आरोप तय होंगे, मुकदमों की सुनवाई शुरू हो जाएगी। सुनवाई के दौरान जांच दस्तावेज, बैंक ट्रांजेक्शन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां अदालत में पेश की जाएंगी। इससे पीड़ितों को अपने निवेश की वापसी और न्याय मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
इन थानों से हुई चार्जशीट दाखिल:
देवप्रयाग, घनसाली, कोटद्वार, पौड़ी, श्रीनगर, ऋषिकेश, देहरादून (पटेलनगर), उत्तरकाशी, चंबा और नई टिहरी थाने में 2024-25 के दौरान दर्ज हुई 10 एफआईआर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की जा चुकी हैं। तीन नए मामलों की जांच अभी चल रही थी, लेकिन हाल ही में इन मामलों को सीबीआई जांच के लिए भेजने की संस्तुति की गई है।
विशेष न्यायालय की इस कार्यवाही से पीड़ितों के बीच न्याय मिलने की आस और उनके ठगे गए रुपये वापस मिलने की उम्मीद अब मजबूत हो गई है।












