
चित्रसेन घृतलहरे, 01दिसम्बर 2025//जिले में धान के अवैध भंडारण और खपत पर रोक लगाने कलेक्टर डॉ. संजय कन्नोजे द्वारा दिए गए सख्त निर्देशों का असर दिखने लगा है। बिलाईगढ़ मंडी क्षेत्र के अंतर्गत दुमुहानी और पवनी गांवों में जांच दल ने छापेमारी करते हुए 187 बोरी (74.8 क्विंटल) अवैध धान जब्त किया है।
सूत्रों के अनुसार,ग्राम दुमुहानी में मेलाराम बंजारे के निजी गोदाम से 80 बोरी (32 क्विंटल) धान मिला,
ग्राम पवनी में रामकृष्ण साहू के दुकान परिसर से 56 बोरी (22.4 क्विंटल) धान जब्त किया गया,
जबकि गणेश साहू के दुकान परिसर से 51 बोरी (20.4 क्विंटल) अवैध रूप से रखा गया धान मिला।
जांच दल ने तीनों स्थानों पर कार्रवाई करते हुए मौके पर ही जप्ती प्रकरण तैयार किया है। बताया जा रहा है कि यह धान बिना किसी वैध दस्तावेज़ और अनुमति के भंडारित किया गया था।
प्रशासन के अनुसार अवैध भंडारण पर शून्य सहिष्णुता की नीति अपनाई गई है, और आगे भी इस तरह की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।










