
15/12/2025

वक्फ संपत्तियों के संरक्षण को लेकर रामगढ़ में जिला स्तरीय बैठक संपन्न
आज कैमूर जिला के रामगढ़ स्थित मदरसा रियाजुल उलूम परिसर में वक्फ बोर्ड कमिटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रामगढ़, नुआंव एवं दुर्गावती प्रखंड से बड़ी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के लोग शामिल हुए। इस अवसर पर भारत सरकार द्वारा वक्फ बोर्ड के लिए शुरू किए गए उम्मीद पोर्टल के माध्यम से वक्फ की गई जमीनों के दस्तावेज अपलोड करने की प्रक्रिया पर विस्तार से चर्चा एवं समीक्षा की गई।
बैठक में वक्ताओं ने कहा कि वक्फ संपत्तियों की सुरक्षा एवं संरक्षण के लिए सरकार द्वारा निर्धारित समय सीमा के भीतर सभी संबंधित दस्तावेजों को पोर्टल पर अपलोड करना अत्यंत आवश्यक है। सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि सभी लोग अपने-अपने वक्फ की गई जमीनों के वैध कागजात एकत्र कर समय सीमा के अंदर उम्मीद पोर्टल पर अपलोड कराएंगे, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी या प्रशासनिक परेशानी से बचा जा सके।
इस सभा की सदारत हाजी शेख शम्मी अख्तर हुसैन ने की, जबकि संचालन आफताब अहमद के द्वारा किया गया। बैठक में वक्ता के रूप में जिला वक्फ बोर्ड के उपाध्यक्ष हाजी नेसार खान के अलावा माशूक खान, हारून अंसारी, हाजी सेराज, हनीफ अयाज खान, मौलाना मुस्तफा, मौलाना शमशाद सहित क्षेत्र के कई जिम्मेदार एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी वक्ताओं ने वक्फ संपत्तियों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए समुदाय से जागरूक होकर इस प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की।
मौके पर जिला वक्फ कोऑर्डिनेटर जुलकरनैन खान ने उम्मीद पोर्टल से संबंधित तकनीकी जानकारी दी और बताया कि किस प्रकार दस्तावेजों को ऑनलाइन अपलोड किया जाना है। उन्होंने उपस्थित लोगों के सवालों के जवाब भी दिए और प्रक्रिया को सरल भाषा में समझाया।
बैठक के अंत में उपस्थित लोगों ने वक्फ संपत्तियों की हिफाजत के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया और कहा कि यह कदम आने वाली पीढ़ियों के हित में बेहद जरूरी है
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)






