A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

ग्रामीण बच्चों और युवाओं के आत्मविश्वास को मिला नया आयाम

15/12/2025

 

खेल व प्रतिभा को मिला नया मंच, मेढ़ गांव में “कौन बनेगा गांव का टॉपर–2025” प्रतियोगिता संपन्न

 

कैमूर/चैनपुर।

चैनपुर प्रखंड के मेढ़ गांव में ग्रामीण बच्चों व युवाओं की खेलकूद, बौद्धिक और सांस्कृतिक प्रतिभाओं को निखारने के उद्देश्य से “कौन बनेगा गांव का टॉपर–2025” प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन ने गांव को एक नई ऊर्जा और उत्साह से भर दिया, जहां खेल के मैदान से लेकर सांस्कृतिक मंच तक प्रतिभाओं की झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का उद्घाटन समाजसेवी शिवम कुमार, विद्यालय निदेशक होरिला सिंह, पप्पू शर्मा सहित अन्य गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए अतिथियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के आयोजन बच्चों और युवाओं के सर्वांगीण विकास में अहम भूमिका निभाते हैं।

 

आयोजक बम कुमार ने बताया कि इस प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य गांव-गांव में छिपी प्रतिभाओं को मंच देना, बच्चों में आत्मविश्वास पैदा करना और खेल भावना को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ खेल, ज्ञान और सांस्कृतिक गतिविधियों से ही मजबूत और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।

 

प्रतियोगिता के अंतर्गत 100 मीटर दौड़, लिखित क्विज, सुई-धागा दौड़, बिस्किट दौड़, कुर्सी दौड़, कविता पाठ एवं संगीत गायन जैसी रोचक और ज्ञानवर्धक प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इन सभी प्रतियोगिताओं में लगभग 25 गांवों से आए प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

 

कार्यक्रम के समापन पर सभी विजेता प्रतिभागियों को मोमेंटो और मेडल देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर मध्य विद्यालय मेढ़ के प्रधानाचार्य चंद्रभान पासवान, राजेश कुमार सिंह, विक्की कुमार, जितेंद्र कुमार, प्रभात कुमार, कन्हैया कुमार, नियाजउद्दीन अंसारी, अरुण कुमार, मनोज कुमार, नागेंद्र कुमार, सूरज कुमार, आरिफ अंसारी, गणेश कुमार, मंटू कुमार सिंह, शिवचंद, जितेंद्र चौहान, सूरज पासवान, जगदानंद, मंटू, नीतीश, ओम, आदिल, विनय, विजय शंकर, प्रिंस, नूरजहां, काजल, कविता, जूली सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

 

अतिथियों ने विजेताओं को बधाई देते हुए कहा कि इस तरह के आयोजनों से बच्चों और युवाओं में सकारात्मक सोच विकसित होती है और वे पढ़ाई के साथ-साथ खेल व सांस्कृतिक गतिविधियों में भी आगे बढ़ते हैं। कार्यक्रम के अंत में समाजसेवी शिवम कुमार ने आयोजकों, प्रतिभागियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया।

 

पूरे आयोजन के दौरान मेढ़ गांव में खास उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि “कौन बनेगा गांव का टॉपर–2025” जैसे कार्यक्रम ग्रामीण प्रतिभाओं को नई पहचान दिलाने में मील का पत्थर साबित हो रहे हैं।

 

( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

Back to top button
error: Content is protected !!