
डकरा में रक्तदान शिविर का आयोजन, 18 लोगों ने किया रक्तदान।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। केंद्रीय अस्पताल डकरा परिसर में बुधवार को सीसीएल अस्पताल गांधी नगर (जीएनएच) की टीम के तत्वावधान में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन एनके एरिया के महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता ने फीता काटकर किया।
शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध कराना तथा आम लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। शिविर में चिकित्सकों की देखरेख में सुरक्षित तरीके से रक्त संग्रह किया गया। रक्तदान से पूर्व सभी रक्तदाताओं की आवश्यक स्वास्थ्य जांच भी की गई।
इस अवसर पर कुल 18 लोगों ने स्वेच्छा से रक्तदान किया। शिविर को सफल बनाने में डॉक्टर श्रीमोयी, सीएमओ डॉक्टर प्रभा कुमार, डॉक्टर सत्यदीप, डॉक्टर श्वेता सहित नर्सिंग एवं स्वास्थ्यकर्मी रीता, सरोज और संगीता की सराहनीय भूमिका रही।
चिकित्सा टीम ने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए रक्तदान के महत्व और इससे होने वाले लाभों की जानकारी दी। आयोजन को लेकर उपस्थित लोगों में उत्साह देखा गया।













