A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेधनबाद

मंदिर में पूजा करने गए पिता, बेटे-बहू 16 लाख के जेवर व नकदी लेकर फरार

अलकडीहा झारखंड के धनबाद जिले के फुसबंगला निवासी जितेंद्र प्रसाद ने अपने पुत्र सूरज कुमार और बहू पर घर से नकदी व जेवरात सहित करीब 16 लाख रुपये मूल्य के सामान चोरी कर फरार होने का आरोप लगाया है।

इस संबंध में उन्होंने जोरापोखर थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।

जितेंद्र प्रसाद ने बताया कि उनकी ‘कनक ज्वेलर्स’ नामक दुकान है। करीब छह माह पूर्व उनके पुत्र सूरज कुमार ने बिहारशरीफ निवासी खुशी कुमारी से अपनी मर्जी से विवाह किया था। चार दिन पहले दोनों फुसबंगला स्थित उनके घर आकर रहने लगे थे।

बताया कि वह डिगवाडीह स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर में पूजा करने गए थे। घर लौटने में करीब तीन घंटे लग गए। इस दौरान आरोप है कि सूरज और उसकी पत्नी ने उनके कमरे का ताला तोड़कर अलमारी से सोने के जेवरात, दुकान के ग्राहकों के गहने तथा एक लाख आठ हजार रुपये नकद निकाल लिए और फरार हो गए। चोरी गए सामान की कीमत लगभग 16 लाख रुपये बताई गई है।

घटना के बाद जब उन्होंने बेटे के मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की तो फोन बंद मिला। जितेंद्र प्रसाद ने इस मामले में पुत्र-वधू के साथ समधन पुतुल देवी, समधी विकास साव और गोलू कुमार के भी संलिप्त होने का आरोप लगाया है।

जोरापोखर पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Back to top button
error: Content is protected !!