
“जिस तरह हर व्यक्ति अपनी मां का सम्मान करता है, उसी तरह वार्ड नंबर 3 की जनता भी मां को समझे और आशीर्वाद के रूप में अपना मत प्रदान करे।” _रौनक गुप्ता ।
धनबाद नगर निगम क्षेत्र में चुनावी सरगर्मी तेज हो गई है। कई वार्डों में प्रत्याशी अपनी पत्नियों को उम्मीदवार बनाकर उनके लिए जनसंपर्क अभियान चला रहे हैं और मतदाताओं से समर्थन की अपील कर रहे हैं।
इसी बीच वार्ड नंबर 3 में एक अलग ही तस्वीर देखने को मिल रही है। यहां रौनक गुप्ता ने अपनी मां को वार्ड नंबर 3 से प्रत्याशी बनाया है और स्वयं उनके पक्ष में प्रचार-प्रसार कर रहे हैं। रौनक गुप्ता मतदाताओं से अपनी मां के लिए आशीर्वाद रूपी वोट देने की अपील कर रहे हैं।
जनसंपर्क के दौरान उनका कहना है कि जहां अन्य वार्डों में लोग अपनी पत्नियों के लिए समर्थन मांग रहे हैं, वहीं वे अपनी मां को चुनाव मैदान में उतारकर जनता के बीच पहुंचे हैं। उन्होंने मतदाताओं से भावनात्मक अपील करते हुए कहा कि “जिस तरह हर व्यक्ति अपनी मां का सम्मान करता है, उसी तरह वार्ड नंबर 3 की जनता भी मां को समझे और आशीर्वाद के रूप में अपना मत प्रदान करे।”
वार्ड नंबर 3 में यह अनोखा चुनावी अभियान चर्चा का विषय बना हुआ है। अब देखना यह होगा कि मतदाता भावनात्मक अपील को कितना महत्व देते हैं और किसे अपना प्रतिनिधि चुनते हैं।








