
दो दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का हुआ शुभारंभ
खरगोन 12 मार्च 2026। विधायक श्री बालकृष्ण पाटीदार एवं कलेक्टर सुश्री भव्या मित्तल द्वारा 12 मार्च को बलवाड़ी सब्जी मंडी प्रांगण में दो दिवसीय कृषि विज्ञान मेले का शुभारंभ किया गया। यह आयोजन कृषि, उद्यानिकी एवं आत्मा विभाग द्वारा किया गया। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्रीमती नंदा ब्राह्मणे, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
किसानों को आधुनिक एवं उन्नत कृषि तकनीकों से अवगत कराने के उद्देश्य से 80 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से जीवामृत खाद, उन्नत किस्म के बीज, ड्रिप सिंचाई प्रणाली, जैविक उत्पाद तथा तकनीकी खेती की नवीन विधियों का प्रदर्शन किया गया।
इस दौरान विधायक श्री पाटीदार ने मेले के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह आयोजन किसानों एवं कृषि वैज्ञानिकों के लिए ज्ञान के आदानदृप्रदान का सशक्त मंच है।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने अपने संबोधन में कहा कि जिले में जैविक एवं तकनीकी खेती से निरंतर प्रगति हो रही है। उन्होंने झिरन्या क्षेत्र का उदाहरण देते हुए बताया कि मिर्च की फसल लेने वाले किसानों के लिए पॉली हाउस स्थापित किए गए हैं, जिससे किसान सीधे पौध से फसल तैयार कर लाभ अर्जित कर रहे हैं। साथ ही ग्राम रायबिड़पुरा में सफेद मूसली एवं उसके छिलकों से पाउडर सहित अन्य उत्पाद तैयार कर किसानों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
कलेक्टर सुश्री मित्तल ने खेतों में नरवाई जलाने से रोकने के लिए किसानों को नवीन कृषि मशीनों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इन मशीनों के माध्यम से फसल अवशेष को मिट्टी में खाद के रूप में परिवर्तित किया जा सकता है, जिससे भूमि की उर्वरता बढ़ेगी और पर्यावरण संरक्षण को भी बल मिलेगा।
वरिष्ठ कृषि वैज्ञानिक डॉ. एनके तांबे एवं डॉ. सतीष परसाई द्वारा जैविक खेती तथा कपास फसल में लगने वाली गुलाबी इल्ली की रोकथाम के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई।
इस दौरान कृषि उपसंचालक श्री एसएस राजपूत, परियोजना संचालक आत्मा श्री एमएस कनाश, उपसंचालक उद्यानिकी श्री केके गिरवाल, जिला विपणन अधिकारी श्री रोहित श्रीवास्तव, जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, उपायुक्त सहकारिता सहित कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारी सहित किसान उपस्थित रहे।










