

मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना ‘संबल’ के तहत विशेष कैंप का आयोजन, 50 दिव्यांगजनों को उपकरण वितरित
कैमूर (चैनपुर): नीतीश कुमार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तिकरण योजना ‘संबल’ के अंतर्गत बुधवार को चैनपुर प्रखंड सभागार में विशेष कैंप का आयोजन किया गया। कैंप का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश ने की। उन्होंने बताया कि सरकार की इस योजना का मुख्य लक्ष्य दिव्यांगजनों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ना और उनके दैनिक जीवन को सुगम बनाना है। कैंप में प्रखंड क्षेत्र से करीब 75 लाभुक पहुंचे, जिनमें से लगभग 50 दिव्यांगजनों के बीच जरूरत के अनुसार उपकरणों का वितरण किया गया।
वितरित किए गए उपकरणों में व्हीलचेयर, बैसाखी, श्रवण यंत्र, ट्राईसाइकिल एवं अन्य सहायक सामग्री शामिल थीं। लाभुकों ने उपकरण प्राप्त कर खुशी जताई और सरकार के इस प्रयास के प्रति आभार व्यक्त किया। कई दिव्यांगजनों ने बताया कि इन उपकरणों से उनकी रोजमर्रा की जिंदगी में काफी सहूलियत होगी और वे अपने कार्य बेहतर ढंग से कर सकेंगे।
प्रखंड विकास पदाधिकारी शुभम प्रकाश ने कहा कि शेष लाभुकों को भी आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शीघ्र ही उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। उन्होंने संबंधित विभागीय कर्मियों को निर्देश दिया कि योजना का क्रियान्वयन पारदर्शी, प्रभावी और समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए।
कैंप के दौरान प्रखंड कार्यालय के कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं स्थानीय लोग भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हुआ।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)

