
प्रेस विज्ञप्ति
कृषि क्षेत्र में गहन अध्ययन सह स्थल विकास हेतु चार दिवसीय आवासीय कार्यशाला का समापन
बोधगया, बिहार – 20 फरवरी 2026
बिहार ग्रामीण जीविकोपार्जन प्रोत्साहन समिति (जीविका), ग्रामीण विकास विभाग, बिहार सरकार के अंतर्गत, कृषि क्षेत्र में गहन अध्ययन सह स्थल विकास हेतु चार दिवसीय आवासीय कार्यशाला का आयोजन 17 से 20 फरवरी 2026 तक किया गया। इस कार्यशाला का उद्देश्य छोटे एवं सीमांत किसानों के लिए जलवायु अनुकूल और उच्च आय आधारित कृषि मॉडल विकसित करना था, ताकि कृषि को जीविकोपार्जन का प्रमुख साधन बनाया जा सके तथा किसानों को टिकाऊ, आधुनिक एवं उन्नत कृषि की ओर अग्रसर किया जा सके।
जीविकोपार्जन कृषि प्रबंधक कौटल्य कुमार ने बताया कि बिहार की अधिकांश आबादी कृषि पर निर्भर है, जिसे उन्नत और विकसित करने की आवश्यकता है। यह कार्यशाला बिहार सरकार की कृषि को सशक्त बनाने और टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। कार्यशाला में मल्टीलेयर खेती, वर्टिकल ट्रेलिस, ग्राफ्टेड पौधों से सब्जी उत्पादन, मिश्रित/अंतरफसल प्रणाली, उच्च मूल्य फसलें, नेट हाउस एवं समेकित कीट प्रबंधन जैसी उन्नत कृषि तकनीकों पर विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया। प्रत्येक इमर्शन साइट के लिए अधिकतम 2 लाख रुपये तक परियोजना सहयोग का प्रावधान है, जिससे किसानों की आय में 30–50% तक वृद्धि का लक्ष्य रखा गया है।
साथ ही, कार्यशाला में अनुरूप कृषि, जैविक खेती के महत्व, फसल चक्र प्रबंधन, फल एवं सब्जी उत्पादन, पॉलीहाउस कृषि, ड्रिप सिंचाई, जल संरक्षण तकनीक और सामुदायिक सहभागिता जैसे विषयों पर भी जानकारी दी गई।
प्रतिभागियों ने किसानों के साथ संवाद कर यह समझा कि स्थानीय ज्ञान और आधुनिक तकनीक मिलकर टिकाऊ कृषि का आधार कैसे बन सकते हैं। उन्हें खेतों में प्रत्यक्ष अनुभव प्राप्त हुआ, जहाँ आधुनिक कृषि तकनीकों का परिचय दिया गया और टिकाऊ पद्धतियों की जानकारी साझा की गई।
जिला परियोजना प्रबंधक आचार्य मम्मट ने कहा कि बिहार की बहुल आबादी कृषि पर आधारित है और इसे उन्नत एवं विकसित करना समय की आवश्यकता है। यह कार्यशाला बिहार सरकार की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके अंतर्गत ग्रामीण समुदायों को सशक्त बनाने और कृषि क्षेत्र में टिकाऊ विकास को बढ़ावा देने के लिए ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
इस कार्यशाला का आयोजन जिला परियोजना समन्वयन इकाई, गया द्वारा किया गया। इसमें जीविका और प्रदान के अधिकारियों ने सहयोग दिया। राज्य एवं जिला स्तर के जीविका अधिकारी, राज्य परियोजना प्रबंधन इकाई से प्रोजेक्ट मैनेजर अनिल कुमार, प्रदान के अभिषेक गौरव, परियोजना प्रबंधक कृषि अनिल कुमार, गया के अतिरिक्त अन्य 13 जिलों से कुछ प्रखंड परियोजना प्रबंधक, जीविकोपार्जन विशेषज्ञ, कृषि नोडल अधिकारी, युवा पेशेवर स्नेहलता, प्रदान के प्रतिनिधि एवं अन्य अधिकारियों ने भाग लिया।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
- वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़




