

जनभागीदारी अभियान के तहत कैमूर के पांच पंचायतों में लगे विशेष शिविर,
ग्रामीणों को मिली सरकारी योजनाओं की जानकारी
कैमूर। जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे राष्ट्रव्यापी विशेष अभियान “जनभागीदारी-सबसे दूर सबसे पहले” के तहत बुधवार को कैमूर जिले के विभिन्न पंचायतों में विशेष जनभागीदारी शिविर का आयोजन किया गया। इस अभियान का उद्देश्य दूर-दराज के ग्रामीण एवं जनजातीय क्षेत्रों तक सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सुविधाओं को पहुंचाना है।
आज दिनांक 20 मई 2026 को प्रखंड चाँद के पंचायत भरारीकला एवं शिवरामपुर, प्रखंड रामपुर के पंचायत भितरीबाँध एवं अमाँव तथा प्रखंड रामगढ़ के पंचायत बड़ौरा में शिविर आयोजित किए गए। कार्यक्रम में जिला स्तरीय पदाधिकारी, प्रखंड स्तरीय अधिकारी एवं पंचायत कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई और ग्रामीणों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
शिविर के दौरान लोगों को सामाजिक सुरक्षा, स्वास्थ्य, शिक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सरकारी सुविधाओं से संबंधित जानकारी दी गई। साथ ही स्वास्थ्य विभाग की ओर से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन भी किया गया, जहां ग्रामीणों की नि:शुल्क जांच कर दवाओं एवं चश्मों का वितरण किया गया।
प्रखंड चाँद में आयोजित शिविर के दौरान कुल 17 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 7 मामलों का मौके पर ही निष्पादन किया गया। वहीं 35 लोगों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें चश्मा एवं आवश्यक दवाएं उपलब्ध कराई गईं।
इसी प्रकार प्रखंड रामपुर में 7 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें 6 आवेदनों का निष्पादन किया गया। यहां 52 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंदों के बीच चश्मा और अन्य दवाओं का वितरण किया गया।
प्रखंड रामगढ़ के पंचायत बड़ौरा में आयोजित शिविर में 6 आवेदन प्राप्त हुए। इसके अलावा 69 ग्रामीणों की स्वास्थ्य जांच कर उन्हें आवश्यक दवाएं एवं चश्मे वितरित किए गए।
अधिकारियों ने बताया कि सरकार का उद्देश्य अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी उद्देश्य को लेकर यह अभियान लगातार संचालित किया जा रहा है, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।





