

जमीन बंटवारे को लेकर लालापुर में खूनी संघर्ष, कई घायल
दोनों पक्ष पहुंचे थाना, पुलिस जांच में जुटी
कैमूर जिले के कुदरा थाना क्षेत्र अंतर्गत लालापुर गांव में जमीन बंटवारे के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना में दोनों पक्षों के कई लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरा पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार किया गया। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनावपूर्ण माहौल बना रहा।
बताया जाता है कि जमीन के बंटवारे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। इसी पुराने विवाद ने बुधवार को अचानक उग्र रूप ले लिया और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। घटना के दौरान लाठी-डंडे भी चलने की बात सामने आई है।
एक पक्ष की महिला चंद्रवंशी देवी, पति कृष्णा शाह, निवासी भदौला थाना कुदरा जिला कैमूर ने आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर कब्जा करने की नीयत से लगातार विवाद और झगड़ा किया जाता रहा है। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर उनके साथ मारपीट की गई। वहीं दूसरे पक्ष के लोगों ने भी एक-दूसरे पर मारपीट एवं विवाद उत्पन्न करने का आरोप लगाया है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जानकारी ली। दोनों पक्षों ने कुदरा थाने में आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों से आवेदन प्राप्त हुआ है तथा मामले की जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों के अनुसार जमीन संबंधी विवाद के कारण गांव में पहले भी कई बार तनाव की स्थिति बन चुकी है। लोगों ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।





