
इमानुएल भारद्वाज की रिपोर्ट
नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्रमांक 2 में पेयजल संकट, लोगों को हो रही भारी परेशानी
नगर पंचायत मल्हार के वार्ड क्रमांक 2 में इन दिनों पेयजल संकट गहरा गया है। नियमित रूप से पानी की आपूर्ति नहीं होने के कारण स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कई परिवारों को पीने के पानी के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य जल स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि कई दिनों से पर्याप्त मात्रा में पानी उपलब्ध नहीं हो रहा है, जिससे दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। लोगों ने बताया कि पानी की कमी के कारण घरेलू कार्यों के साथ-साथ पीने के पानी की व्यवस्था करना भी मुश्किल हो गया है।
क्षेत्रवासियों ने नगर पंचायत प्रशासन से शीघ्र पेयजल व्यवस्था में सुधार करने, नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर टैंकरों के माध्यम से पानी उपलब्ध कराने की मांग की है।
अब देखना होगा कि नगर पंचायत प्रशासन इस समस्या का समाधान कब तक कर पाता है, ताकि वार्ड क्रमांक 2 के लोगों को राहत मिल सके।




