
पीलीभीत। पुलिस ने खोए और चोरी हुए 53 मोबाइल बरामद करने के बाद उन्हें बुधवार को एएसपी विक्रम दहिया की मौजूदगी में उनके स्वामियों सौंप दिया। मोबाइल पाकर सभी के चेहरे खिल उठे। बरामद किए गए मोबाइल फोनों की कीमत 7.61 लाख रुपये बताई गई है। एएसपी विक्रम दहिया ने बताया कि साइबर क्राइम टीम के पास पिछले काफी समय से फोन गुम हो जाने की शिकायतें पहुंच रहीं थीं। ऐसी शिकायतों को सूचीबद्ध करने के बाद टीम ने फोन नंबरों की ट्रैकिंग शुरू की। जिसके बाद पुलिस ने खोए और चोरी हुए 53 मोबाइल फोन बरामद कर लिए। बुधवार को पुलिस लाइन में मोबाइल स्वामियों को बुलाया गया। इसके बाद सभी को उनके मोबाइल फोन सौंप दिए गए।
लंबे समय बाद मोबाइल मिलने पर सभी के चेहरे खिल उठे। इस दौरान साइबर सेल टीम के प्रभारी अजय कुमार, मुख्य आरक्षी अनुज कुमार, आरक्षी अंकित कुमार आदि मौजूद रहे।







