
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा बंशीधर नगर से : एनएच 75 फोरलेन के लिये अधिग्रहित मकान को ध्वस्त करने के दौरान हलिवंता में छत गिरने से पिता पुत्र दब कर गंभीर रूप से घायल हो गये। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को मलबे से बाहर निकालकर इलाज के लिये अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल सुरेश राम को प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिये सदर अस्पताल गढ़वा रेफर कर दिया। जबकि सुरेश के पुत्र अजय कुमार का इलाज स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। वहीं घटना के बाद स्थानीय लोग आक्रोशित होकर एनएच 75 को जाम कर दिया। जाम के दौरान उग्र लोग प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। लोगों का आरोप था कि फोरलेन के लिये अधिग्रहण किये गये जमीन का पैसा अभी तक नहीं मिला है। सिर्फ मकान का मुआवजा मिला है। लेकिन बरसात के मौसम में तत्काल मकान खाली कर तोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। रहने के लिये बिना घर बनाये इतनी जल्दी कैसे मकान तोड़ दें। हमलोग बरसात के मौसम में कहां रहेंगे। जबकि जमीन का अभी तक मुआवजा भी नहीं मिला है। प्रशासन के कहने पर घायल पिता पुत्र जल्दबाजी में मकान तोड़ रहे थे। जिससे उक्त हादसा हुआ। उधर जाम की सूचना मिलने पर एसडीओ प्रभाकर मिर्धा, मजिस्ट्रेट हंस हेम्ब्रम, सीओ विकास कुमार सिंह एवं थाना प्रभारी आदित्य कुमार नायक सहित कई अधिकारी जाम स्थल पहुंच कर लोगों को समझाया तथा घायल व्यक्ति का समुचित इलाज कराने का आश्वासन दिया। उसके बाद लोग मान गये और एक घन्टे बाद जाम हटा लिया। जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी।
प्रशासन ने फोरलेन पर अधिग्रहित मकान को हटाने के लिये चलाया अभियान
श्री बंशीधर नगर : डीसी शेखर जमुआर के निर्देश पर प्रशासनिक अधिकारियों एवं एनएचआई के अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ रविवार को हलिवंता कला, बिलासपुर एवं गंगटी में फोरलेन में आने वाले मकान को हटाने के लिये अभियान चलाया। इस दौरान अधिकारियों ने हलिवंता कला एवं बिलासपुर में मुआवजा लेने के बाद भी अभी तक मकान और दुकान नहीं हटाये जाने पर नाराजगी व्यक्ति करते हुये कई जगहों पर जेसीबी से मकान को ध्वस्त किया। अभियान के दौरान स्थानीय लोगों ने प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि अभी तक उन्हें सिर्फ मकान का पैसा मिला है जमीन का पैसा नहीं मिला है। साथ ही बरसात के दिनों में इतनी जल्दी मकान तोड़ने से हम लोग बेघर हो जायेंगे। इसलिये प्रशासन हमें समय दे ताकि हम लोग अपनी आवासीय व्यवस्था को दुरुस्त कर लें। लोगों के आग्रह पर अधिकारी 4 से 5 दिन का ही समय देने पर राजी हुये। उल्लेखनीय है कि एक सप्ताह पूर्व में भी प्रशासन के द्वारा फोरलेन में आने वाले मकान के भूस्वामियों से आने वाले मकान को ध्वस्त करने के लिये बुलडोजर चलाया था। लेकिन भूस्वामियों की आग्रह पर प्रशासन ने उन्हें दो दिनों का समय दिया था। किंतु समय मिलने के बाद भी भूस्वामियों ने अपने मकान को नहीं हटाया। नतीजा रविवार को प्रशासन ने पुनः रविवार को दलबल के साथ हलिवंता कला एवं बिलासपुर पहुंचकर मकान को हटाने का काम शुरू किया। उधर किसी मकान में दो लोगों के दब जाने की सूचना मिलने के बाद प्रशासन को अभियान को स्थगित करना पड़ा। इस दौरान मजिस्ट्रेट हंस हेम्ब्रम, सीओ विकास कुमार सिंह, थाना प्रभारी आदित्य नायक समेत कई पुलिसकर्मी एवं एनएचआई के अधिकारी मौजूद थे।



