A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेताज़ा खबर

लड़की की शव रख कर ग्रामीणों ने रोड की जाम

भटनी। मक्के की डंठल के बीच बच्ची का शव मिलने की खबर से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर गांव के लोग धरने पर बैठ गए। जानकारी पर एसओ अश्वनी प्रधान भी पुलिस बल के साथ पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवाने की बात कही तो लोगों ने हंगामा शुरू कर दिया। चार घंटे बाद एसपी के कार्रवाई के आश्वासन पर लोग शांत हुए और शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।

बच्ची का शव मिलने के बाद हंगामे की जानकारी पर एसपी के निर्देश पर एएसपी सुशील कुमार सिंह, सीओ शिव प्रताप सिंह और आधा दर्जन थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। इसके अलावा एसडीएम भाटपाररानी और सलेमपुर भी मौके पर पहुंचे और लोगों को मनाने का प्रयास किया। एसपी ने मौके पर जाकर परिजनों को त्वरित कार्रवाई का आश्वासन दिया तब लोग शांत हुए। वहीं, बच्ची की हत्या की जानकारी पर पहुंची फॉरेन्सिक टीम ने घटनास्थल पर जांच की और साक्ष्य जुटाए। पुलिस का दावा है कि जांच टीम को मौके से अहम सुराग मिले हैं। इससे जल्द ही मामले के पर्दाफाश की उम्मीद है।

दुराचार के बाद हत्या की आशंका जताई, पुलिस जांच में जुटी

एक दिन पूर्व घर से लापता बच्ची का शव खेत में मिलने और गले पर धारदार हथियार से हमले के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। बच्ची का शॉल में लिपटा अर्धनग्न शव मिलने के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने दुराचार के बाद हत्या की आशंका जाहिर की है। पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट के इंतजार में है। एसपी ने परिजनों की आशंका पर गंभीरता से जांच कर आरोपियों पर कठोर कार्रवाई का भरोसा दिया है।

बेटी के शव से लिपटकर बेहोश हो गई मां

बच्ची का शव मिलने के बाद परिजनों ने पहले तो इसकी जानकारी उसकी मां को नहीं दी, लेकिन जब मां को इसकी खबर लगी तो वह खेत के रास्ते दौड़ते हुए घटनास्थल पर पहुंच गई। परिजनों ने संभालने का प्रयास किया लेकिन वह बेटी के शव से लिपटकर दहाड़ मार रोने लगी और बेहोश हो गई। बाद में परिजनों ने उसे घर भेजा और डॉक्टर को बुलाकर इलाज कराया।

लोगों में आक्रोश, आरोपियों को गोली मारने की अपील

बच्ची की हत्या से क्षेत्र में आक्रोश है। लोगों ने पुलिस अधिकारियों से आरोपियों की पहचान होने के बाद गोली मारने की अपील की। पीड़ित पिता ने एसपी से कहा कि साहब आरोपियों को ऐसी सजा मिले कि वह आगे किसी बेटी के साथ ऐसा कृत्य न कर सकें। वही नाराज लोगों ने सोशल मीडिया के जरिये मुख्यमंत्री योगी से आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। एसपी संकल्प शर्मा ने कहा कि बच्ची के गले और शरीर पर धारदार हथियार के निशान मिले हैं। पिता की तहरीर पर हत्या का केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है। एससोजी समेत तीन टीमें मामले के खुलासे के लिए लगाई गई हैं। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा कर दिया जाएगा

Back to top button
error: Content is protected !!