*बिना परमिट सागौन काटते 2 आरोपी गिरफ्तार, 12 बोटा हरा सागौन बरामद*
*बलरामपुर।* पुलिस ने अवैध लकड़ी कटान के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक विकास कुमार के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
रेहरा बाजार थाना प्रभारी अशोक सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 31 जनवरी की रात करीब 11 बजे छापेमारी की। इस दौरान बिना परमिट के काटे जा रहे 12 बोटा हरा सागौन और एक क्विंटल जलौनी लकड़ी बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों में 56 वर्षीय भगवानदीन राजभर उर्फ दिनेश और 35 वर्षीय इन्द्र कुमार मिश्र शामिल हैं। भगवानदीन अमवा मौजा ऐलरा का रहने वाला है, जबकि इन्द्र कुमार मिश्र ग्राम किरतापुर का निवासी है। दोनों आरोपियों के खिलाफ उत्तर प्रदेश ग्रामीण एवं पर्वतीय क्षेत्रों में वृक्षों का संरक्षण अधिनियम 1976 की धारा 4/10 और उत्तर प्रदेश अभिवहन नियमावली 1978 की धारा 3/28 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
स्थानीय पुलिस के अनुसार, क्षेत्र में वन माफिया लगातार सक्रिय हैं और अवैध लकड़ी कटान की घटनाएं पुलिस और वन विभाग के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई हैं। इस गिरफ्तारी से अवैध लकड़ी कटान पर अंकुश लगाने में मदद मिलने की उम्मीद है।
हालांकि जिले में वन माफिया पुलिस और वन विभाग से बेखौफ होकर घटना को अंजाम दे रहे हैं। कार्रवाई के बाद भी कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। तमाम क्षेत्रों से लगातार लकड़ी काटन की सूचनाएं मिल रही है। हालांकि पूरे मामले पर पुलिस जांच पड़ताल में जुटी हुई है।