
विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने किया श्रीराम हॉस्पिटल का औचक निरीक्षण
इलाज में लापरवाही और अधिक शुल्क वसूली की शिकायतें
अयोध्या। नगर विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने श्रीराम हॉस्पिटल का अचानक निरीक्षण किया, जिससे अस्पताल प्रशासन में हड़कंप मच गया। यह निरीक्षण सोशल मीडिया पर अस्पताल के खिलाफ चल रही शिकायतों के बाद किया गया।
बता दे कि हाल ही में सोशल मीडिया पर श्रीराम हॉस्पिटल को लेकर कई तरह की शिकायतें सामने आई थीं। मरीजों के इलाज में लापरवाही, अधिक शुल्क वसूली और स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी को लेकर लोगों ने नाराजगी जताई थी। इन शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बिना किसी पूर्व सूचना के अस्पताल का औचक निरीक्षण किया।
विधायक के अचानक निरीक्षण से अस्पताल प्रशासन सकते में आ गया। उन्होंने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, ओपीडी, इमरजेंसी और दवा वितरण केंद्र का निरीक्षण किया। मरीजों और उनके परिजनों से बातचीत कर अस्पताल की व्यवस्थाओं की वास्तविकता जानी। कई मरीजों ने अस्पताल प्रबंधन की अव्यवस्थाओं को लेकर अपनी परेशानियां बताईं। निरीक्षण के दौरान कुछ मरीजों और उनके परिजनों ने बताया कि अस्पताल में सही तरीके से इलाज नहीं हो रहा और जरूरत से ज्यादा पैसे लिए जा रहे हैं। कुछ मरीजों ने दवाओं की गुणवत्ता और उपलब्धता को लेकर भी सवाल उठाए।
निरीक्षण के बाद विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने अस्पताल प्रशासन को सख्त निर्देश दिए कि किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को आवश्यक सुधार करने और मरीजों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि वे इस निरीक्षण की रिपोर्ट स्वास्थ्य विभाग को भेजेंगे। ताकि अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार किया जा सके। अगर अस्पताल प्रशासन मरीजों की समस्याओं का समाधान नहीं करता है, तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। नगर विधायक की इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों ने सराहना की और उम्मीद जताई कि इससे अस्पताल की व्यवस्थाओं में सुधार होगा। सोशल मीडिया पर भी लोगों ने विधायक के इस कदम की तारीफ की और इसे मरीजों के हित में जरूरी बताया।