A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरे

देवरिया में बस और टैंकर में टकर 20 यात्री घायल

यूपी के देवरिया में  रोडवेज की एक अनुबंधित बस टैंकर से टकरा गई। इस भिडंत के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। हादसे में 20 यात्रियों के घायल होने की सूचना है। कई एंबुलेंसों से उन्‍हें देवरिया के महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया है। एक साथ बड़ी संख्‍या में घायलों के पहुंचने के चलते मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में भी अफरा-तफरी मच गई। डॉक्‍टरों ने  मोर्चा संभालते हुए घायल यात्रियों का इलाज शुरू कर दिया है।

मिली जानकारी के अनुसार देवरिया जिले के बैतालपुर कस्बे के पास यह हादसा हुआ है।  गोरखपुर से एक अनुबंधित बस देवरिया आ रही थी। पूरी बस यात्रियों से भरी हुई थी। देवरिया-गोरखपुर मार्ग पर बैतालपुर नगर पंचायत से पहले अशोक बिरियानी ढाबे के पास एकाएक रोडवेज की बस हिन्दुस्तान पेट्रोलियम के एक टैंकर से टकरा गई।

बताया जा रहा है कि टैंकर में डीजल भरा था। इस घटना में बस का आगे का पूरा हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक ढाबे के पास कट पर टैंकर मुड़ रहा था, उसी दौरान तेज रफ्तार बस उससे जा भिड़ी। एकाएक हुई इस दुर्घटना में यात्रियों को बिल्‍कुल भी संभलने का मौका नहीं मिला। वहां चीख-पुकार मच गई।

इस दुर्घटना में करीब 20 यात्री घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही गौरीबाजार पुलिस मौके पर पहुंची। आसपास के लोगों की मदद से सभी घायलों को आधा दर्जन से अधिक एंबुलेंस बुलाकर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। एक साथ दर्जन भर से अधिक घायलों के पहुंचने से मेडिकल कॉलेज की इमरजेंसी में अफरा-तफरी मच गई।

सीएमएस डॉ. एचके मिश्रा समेत चिकित्सकों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है। मौके पर डीएम दिव्या मित्तल, एसपी विक्रांत वीर, एसडीएम सदर श्रुति शर्मा, सीओ संजय कुमार रेड्डी समेत कई अधिकारी जमे हुए हैं। देवरिया सदर के विधायक शलभ मणि त्रिपाठी ने भी मेडिकल कॉलेज पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना।

Check Also
Close
Back to top button
error: Content is protected !!