

🔴 ब्रेकिंग न्यूज़ सहारनपुर: आरटीओ कार्यालय पर हंगामा करने के मामले में भारतीय किसान यूनियन अध्यक्ष राहुल बेदी गिरफ्तार, पुराना आपराधिक इतिहास भी आया सामने 🔴
सहारनपुर:
आरटीओ कार्यालय पर 24 अप्रैल 2025 को हुए बवाल और हंगामे के मामले में जनकपुरी थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भारतीय किसान यूनियन (बेदी ग्रुप) के अध्यक्ष राहुल बेदी को गिरफ्तार कर लिया है। 14 मई 2025 को अंबेडकर चौक के पास से हुई इस गिरफ्तारी के बाद प्रशासन और कानून व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
क्या था मामला?
बताया जा रहा है कि राहुल बेदी ने करीब 100 समर्थकों और ई-रिक्शा चालकों के साथ मिलकर आरटीओ कार्यालय पर प्रदर्शन किया था। उनकी मांग थी कि ई-रिक्शा के चालान माफ किए जाएं, किराए में बढ़ोतरी हो और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने आरटीओ दफ्तर पर ताला जड़ दिया, सरकारी कर्मचारियों के साथ धक्का-मुक्की और धमकियों की बात भी सामने आई। इससे सरकारी कामकाज ठप हो गया और आम नागरिकों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
कौन है राहुल बेदी?
42 वर्षीय राहुल बेदी मूल रूप से नुमाइश कैंप के गोपाल नगर के निवासी हैं और वर्तमान में माधव नगर में रह रहे हैं। पुलिस जांच में राहुल का आपराधिक इतिहास भी उजागर हुआ है। कोतवाली नगर और सिविल लाइन थाना क्षेत्रों में उनके खिलाफ मारपीट, धमकी, चोरी और एससी/एसटी एक्ट के तहत कुल चार मुकदमे दर्ज हैं।
कानूनी कार्रवाई और आगे की रणनीति
संभागीय परिवहन अधिकारी महेंद्र बाबू गुप्ता की शिकायत पर थाना जनकपुरी में एफआईआर संख्या 87/2025 दर्ज की गई थी, जिसमें बीएनएस की धारा 191(2), 126(2), 121(2), 132, 351(3), 115(2) और 7 क्रिमिनल लॉ एक्ट के तहत गंभीर धाराएं लगाई गईं हैं। प्रभारी निरीक्षक सतेंद्र नागर की अगुवाई में कार्रवाई कर राहुल बेदी को गिरफ्तार किया गया और उन्हें न्यायालय में पेश किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अन्य आरोपियों की भी पहचान की जा रही है और जल्द ही बचे हुए प्रदर्शनकारियों के खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की सख्ती और प्रशासन का संदेश
इस गिरफ्तारी को गैरकानूनी और उग्र आंदोलनों पर लगाम कसने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है। इससे पहले भी प्रशासन ने चेतावनी दी थी कि किसी भी हाल में कानून को हाथ में लेने की इजाज़त नहीं दी जाएगी। अब देखना होगा कि भाकियू (बेदी ग्रुप) इस कार्रवाई पर क्या रुख अपनाता है।
✍️ रिपोर्ट: एलिक सिंह
संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
जिला प्रभारी – भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद
📞 संपर्क: 8217554083






