
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ 🌐
मंडला MP हेमंत नायक
सेना के सम्मान में उमड़ा देशभक्तों का कारवां, मण्डला में भव्य तिरंगा यात्रा
तिरंगा यात्रा मध्य प्रदेश न्यूज़ 🌐 मण्डला नगर के लालीपुर चौराहा देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा, जहाँ से सेना के सम्मान में एक भव्य और आकर्षक तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में हजारों की संख्या में देशप्रेमियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और “जय भारत माता”, “जय हिंद” के गगनभेदी नारों से वातावरण गुंजायमान कर दिया। महिलाएँ, पुरुष और बच्चे, सभी हाथों में तिरंगा लिए इस यात्रा का हिस्सा बने।
यात्रा में भारत माता की सुंदर चलचित्र रथ पर विराजमान दिखाई दीं, वहीं अन्य मनमोहक झाँकियाँ भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। स्काउट गाइड के बच्चों ने अनुशासित तरीके से पंक्तिबद्ध होकर मार्च किया, तो सीआरपीएफ की 148वीं बटालियन के जवानों ने भी तिरंगा यात्रा में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
नगर के विभिन्न स्थानों पर तिरंगा यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। देशभक्ति के मधुर गीतों ने यात्रा में जोश भर दिया। लालीपुर चौराहा से शुरू हुई यात्रा बस स्टैंड, चिलमन चौक होते हुए उदय चौक पहुँची, जहाँ पुलिस के जवानों ने बैंड की धुन पर राष्ट्रगान प्रस्तुत किया और हजारों लोगों ने एक साथ राष्ट्रगान गाया।
बैंड, आतिशबाजी और आकर्षक झाँकियों के साथ निकली इस पैदल मार्च का स्थानीय व्यापारियों और महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर अभिनंदन किया। यात्रा में शामिल लोगों ने देशभक्ति की अपनी भावनाओं को व्यक्त किया और जगह-जगह उनका फूलों से स्वागत किया गया। विशाल जनसमूह भारत माता की जय और वंदे मातरम् का उद्घोष करते हुए हाथों में तिरंगा लहरा रहा था, जिसने इस यात्रा को अभूतपूर्व और अविस्मरणीय बना दिया।
यात्रा का समापन स्थानीय उदय चौक में “सारे जहाँ से अच्छा” और राष्ट्रगान “जन गण मन” के साथ हुआ। देश की रक्षा में सदैव तत्पर तीनों सेनाओं के सैनिकों के पराक्रम का अभिवादन करते हुए और उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए तिरंगा यात्रा संपन्न हुई। इस अवसर पर जमकर आतिशबाजी भी की गई और युवाओं में देशभक्ति का अपार उत्साह देखने को मिला। सर्व समाज द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम को व्यापक रूप दिया गया था। शाम 4:30 बजे कार्यक्रम स्थल पर लोगों का जमावड़ा शुरू हुआ, वहीं वाहनों की पार्किंग सरस्वती स्कूल में की गई थी।
तिरंगा यात्रा के दौरान नगर के चौराहों पर स्थापित वीरांगना रानी अवंती बाई, पं. दीनदयाल उपाध्याय, डॉ. भीमराव अम्बेडकर और शहीद उदय चंद की प्रतिमाओं पर भी पुष्प अर्पित किए गए। सर्व समाज के इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य देश की सेना का सम्मान और उनका हौसला बढ़ाना था। हाल ही में आतंकवाद के विरुद्ध “ऑपरेशन सिंदूर” में भारतीय सेनाओं ने अद्वितीय शौर्य, पराक्रम और साहस का प्रदर्शन किया है, जिसकी सफलता के लिए देशभर में सैनिकों का सम्मान किया जा रहा है।
शनिवार को भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों के साथ नगर की सड़कों पर निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में सभी वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। राष्ट्रीय सुरक्षा नागरिकों के आह्वान पर आयोजित इस यात्रा में सर्वसमाज के नागरिक, देशभक्त, गणमान्य व्यक्ति, मातृशक्ति, बुद्धिजीवी, भूतपूर्व सैनिक, स्काउट गाइड, सीआरपीएफ 148वीं बटालियन, एनसीसी, खिलाड़ी और समाजसेवी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
इस तिरंगा यात्रा में कैबिनेट मंत्री श्रीमती संपतियां उईके भी पहुँचीं और उन्होंने पूरी यात्रा में सक्रिय रूप से भाग लेकर लोगों का उत्साहवर्धन किया। वहीं, पूर्व केंद्रीय मंत्री और जिले के सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते भी तिरंगा यात्रा के समापन अवसर पर उपस्थित रहे। भाजपा जिला अध्यक्ष प्रफुल्ल मिश्रा ने उपस्थित सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि तिरंगा यात्रा के इस अद्भुत आयोजन में सभी की उपस्थिति ने कार्यक्रम को गरिमा प्रदान की है। इस कार्यक्रम में संत समाज ने भी अपनी महत्वपूर्ण सहभागिता दर्ज कराई।