
पीलीभीत। कलीनगर तहसील क्षेत्र मे बाइफरकेशन से आने वाली हरदोई ब्रांच नहर में नहाते समय बरेली के दो दोस्तों की पानी में डूबने से मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों के शवों को प्रयास कर नहर से बरामद किया। सूचना पर मृतकों के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। दोनों युवक अपने छह अन्य दोस्तों के साथ माधोटांडा क्षेत्र में स्थित सेल्हा बाबा की दरगाह पर आए थे। वापसी के दौरान नहर में नहाते समय हादसा हो गया।
बरेली के थाना सुभाष नगर के मिलक रोहंदी निवासी मंजूर अहमद (42) पुत्र मखदूम अहमद व अनीस अहमद (47) पुत्र यूसुफ दोनों दोस्त और पड़ोसी थे। रविवार को दोनों गांव के ही अपने छह अन्य दोस्तों के साथ माधोटांडा क्षेत्र के बराही जंगल से सटे इलाके में स्थित सेल्हा बाबा की दरगाह पर आए थे। कार अनीस की थी। दरगाह बंद होने से सभी लोग कुछ देर वहां रुकने के बाद लौटने लगे। रास्ते में पहुंचने के बाद अनीस और मंजूर ने नहर में नहाने का मन बनाया। इसके बाद डगा और बाइफरकेशन मार्ग पर हल्दीडेंगा के पास कार रोककर दोनों लोग नहर में नहाने लगे, जबकि अन्य दोस्त नहर के बाहर ही खड़े रहे।
कार सवार गांव के ही मेंहदी हसन के अनुसार, मंजूर और अनीस तैरना जानते थे। दोनों नहर में नहाते रहे। इसके बाद झाल के पास पहुंचने पर दोनों उसमें फंसने से डूबने लगे। दोनों को डूबता देख साथी दोस्तों में हड़कंप मच गया। झाल से आगे बढ़ने पर मंजूर को मशक्कत कर नहर से बाहर निकाला गया। अस्पताल ले जाते समय रास्ते में उसकी मौत हो गई।
इसके बाद अनीस के शव की तलाश शुरू कराई गई। थाना पुलिस की मदद से गोताखोरों को बुलाया गया। करीब एक घंटे बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद से अनीस का शव नहर से बरामद किया गया। सूचना पर मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि परिजनों ने शवों का पोस्टमॉर्टम कराने से मना कर दिया। इसपर पंचनामा भरने के बाद शव उनकी सुपुर्दगी में दे दिए गए।





