
खैरगढ़ में दुकानदार से ठगी कर भागे तीन आरोपी अवैध हथियार सहित गिरफ्तार
फिरोजाबाद। खैरगढ़ थाना क्षेत्र में ठगी कर भाग रहे तीन आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से ठगी के 490 रुपये, एक अवैध चाकू, एक तमंचा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। पकड़े गए आरोपियों में दो फिरोजाबाद और एक आगरा का निवासी है।
पुलिस अधीक्षक ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी शिकोहाबाद के पर्यवेक्षण में, प्रभारी निरीक्षक खैरगढ़ की टीम ने आरोपियों को एसजीएम इंटर कॉलेज के पास से पकड़ा।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों ने कस्बा खैरगढ़ के एक दुकानदार को 500 रुपये देकर 10 रुपये का सामान खरीदा और वापस मिले 490 रुपये लेकर दुकानदार को भ्रमित कर दोबारा वही 500 रुपये वापस ले लिए। वारदात को अंजाम देकर आरोपी मौके से भाग निकले थे।
गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में सूरज राय (निवासी इन्द्रपुरी, थाना उत्तर), करन (निवासी तिलक नगर, थाना उत्तर) और रोहित सोलंकी (निवासी गूलर का नगला, थाना जगदीशपुरा, आगरा) शामिल हैं।
इनके खिलाफ आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। सूरज राय और रोहित सोलंकी के खिलाफ पहले भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।
बरामद सामग्री:
ठगी के ₹490
एक अवैध चाकू
एक तमंचा 315 बोर
एक जिंदा कारतूस
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार, उपनिरीक्षक मनिंद्र कुमार, हेड कांस्टेबल नाहर सिंह और मुजाहिद हुसैन, कांस्टेबल अजय कुमार, श्रीगोपाल व अन्य।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और इनके आपराधिक इतिहास की भी जांच की जा रही है।









