
49 वर्षीय सीसीएल कर्मी ने फांसी लगाकर की खुदकुशी।।
संवाददाता/राशीद अंसारी खलारी
खलारी। सीसीएल एनके क्षेत्र की केडीएच परियोजना में कार्यरत एक्सप्लोसिव कैरियर के पद पर कार्यरत यादव गंझू (49) ने गुरुवार को अपने सुभाषनगर-केडीएच स्थित आवास क्वार्टर नंबर बी/55 में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। यह दुखद घटना उस समय हुई जब यादव गंझू अपनी ड्यूटी के दौरान नाश्ता करने के लिए क्वार्टर लौटे थे। मिली जानकारी के अनुसार, नाश्ता करने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी की साड़ी से फंदा बनाकर आत्महत्या का प्रयास किया। फंदा टूट जाने और गिरने की आवाज सुनकर जब उनकी पत्नी बाहर आईं, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। पत्नी ने तत्काल पड़ोसियों को इसकी सूचना दी। घटना के समय उनकी दोनों बेटियां स्कूल गई हुई थीं और इकलौता बेटा रांची में पढ़ाई कर रहा है। श्रमिक नेता गोल्टेन प्रसाद यादव ने बताया कि मृतक यादव गंझू चतरा जिले के कुंदा के रहने वाले थे। उन्होंने प्रबंधन से मांग की है कि मृतक के पुत्र को अनुकंपा के आधार पर नियुक्ति पत्र दिया जाए, क्योंकि यादव गंझू ड्यूटी पर रहते हुए ही अपने आवास पर लौटे थे। पुलिस ने शव को डकरा अस्पताल के मॉर्चरी में रखवा दिया है। शुक्रवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए रांची भेजा जाएगा।






