
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़ 🌐
मंडला MP हेमंत नायक महाराजपुर
मध्यप्रदेश मंडला क्राइम न्यूज़:–मंडला जिले के महाराजपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह एक युवती का शव मिलने से सनसनी फैल गई। घंसौर रोड पर मोहनटोला के पास एक पहाड़ी के पास सड़क किनारे खाई में राहगीरों ने शव देखा, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। महाराजपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को बाहर निकाला और पोस्टमॉर्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
टैटू बना पहचान का आधार
पुलिस के लिए फिलहाल शव की पहचान करना एक बड़ी चुनौती है। एसपी **रजत सकलेचा** ने बताया कि युवती के बाएं हाथ पर एक टैटू बना हुआ है, जिसे पुलिस पहचान का मुख्य आधार मान रही है। यह टैटू एक कोडवर्ड जैसा है, जिसमें अंग्रेजी के अक्षर ‘G’ और ‘J’ को मिलाकर लिखा गया है। इसके बाद एक दिल का निशान है, और फिर ‘PYR’ लिखा हुआ है। पुलिस इस टैटू के जरिए युवती के बारे में जानकारी जुटाने और उसकी पहचान करने की कोशिश कर रही है।
पुलिस मान रही संदिग्ध मामला
घटनास्थल पर एसपी रजत सकलेचा, एसडीओपी पीयूष मिश्रा और थाना प्रभारी डॉ. जय सिंह यादव सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस इस मामले को संदिग्ध मान रही है। युवती की पहचान होने और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही उसकी मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।






