

सहारनपुर में 8 साल की मासूम को अगवा करने की कोशिश, आरोपी कार्तिक गिरफ्तार – इलाके में तनाव
सहारनपुर।
जनपद सहारनपुर के थाना जनकपुरी क्षेत्र से बीती रात एक सनसनीखेज़ मामला सामने आया है, जहां 8 साल की मासूम बच्ची को उसके पड़ोसी युवक ने गलत इरादे से अगवा करने का प्रयास किया। जानकारी के मुताबिक मासूम बच्ची घर के बाहर अपनी चचेरी बहन के साथ खेल रही थी, तभी आरोपी युवक कार्तिक वहां पहुंचा और बच्ची को पकड़कर जबरन अपने घर की ओर ले जाने लगा।
बच्ची की चचेरी बहन ने साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए जोर-जोर से शोर मचाया। उसकी आवाज सुनते ही आसपास के लोग मौके पर दौड़े और आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। गुस्साए लोगों ने बच्ची को आरोपी के चंगुल से छुड़ाकर सुरक्षित बचा लिया। घटना की खबर फैलते ही मौके पर भीड़ इकट्ठा हो गई और चूंकि पीड़ित परिवार और आरोपी अलग-अलग संप्रदाय से हैं, इसलिए क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने आरोपी युवक कार्तिक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही इलाके में एहतियात के तौर पर अतिरिक्त फोर्स तैनात कर दी गई है, ताकि माहौल बिगड़ने से रोका जा सके। पुलिस सूत्रों का कहना है कि घटना की गहन जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। मोहल्लेवासियों का कहना है कि मासूम बच्ची के साथ इस तरह की शर्मनाक वारदात किसी भी तरह बर्दाश्त नहीं की जा सकती। उन्होंने मांग की है कि आरोपी को सख्त से सख्त सजा दी जाए ताकि भविष्य में कोई और ऐसी हरकत करने की हिम्मत न कर सके। फिलहाल घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है और पुलिस-प्रशासन पर जल्द और सख्त कार्रवाई का दबाव बढ़ गया है।
✍ रिपोर्ट : एलिक सिंह
संपादक — वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
📍 उत्तर प्रदेश महासचिव — भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद
📞 संपर्क: +91 82175 54083












