
डीडवाना-कुचामन जिले के जिला कलक्टर डॉ.महेंद्र खड़गावत ने जिले में बुनियादी जन सुविधाओं के विकास के लिए महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील पहल की है।
जिला कलक्टर डॉ खड़गावत की पहल के तहत आगामी 2 माह में जिला प्रशासन द्वारा जिले के समस्त उपखंड में जन सुविधाओं के विकास के लिए सार्वजनिक श्मशान एवं कब्रिस्तान के लिए भूमि आवंटन किया जायेगा और टीनशेड लगाये जायेंगे।
जिला कलक्टर डॉ खड़गावत ने बताया कि जिले में आमजन की बुनियादी सुविधाओं के विकास के लिए जहाँ भी सार्वजनिक श्मशान एवं कब्रिस्तान के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है वहां भूमि आवंटित की जाएगी। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में जहाँ सार्वजनिक श्मशान व कब्रिस्तान है वहाँ डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के मद से टीनशेड लगवाए जायेंगे ताकि आमजन को बारिश जैसे मौसम में अंतिम संस्कार के वक्त किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।
जिला कलक्टर डॉ. महेंद्र खड़गावत ने बताया कि इसके साथ ही जिले के वे सभी राजकीय विद्यालय जिनका पट्टा अभी तक नहीं बना हुआ है उनके पट्टे भी इस दौरान जारी किये जायेंगे। इसके अतिरिक्त जिले में जहाँ भी खेल मैदान के लिए भूमि नहीं है वहाँ, खेल मैदान हेतु भूमि आवंटित की जायेगी।
जिला कलक्टर की इस पहल से ना केवल भूमिहीन राजकीय विद्यालयों के भवन निर्माण होंगे, आमजन के लिए आवश्यक जनसुविधाओं का विकास भी सुनिश्चित होगा। साथ ही, खेल मैदान विकसित होने से खेल प्रतिभाओं को भी अपने हुनर को तलाशने एवं तराशने के लिए व्यापक सुविधाएं मिलेंगी।








