
चित्रसेन घृतलहरे, वन्दे भारत/समृद्ध भारत 07 अक्टूबर 2025/सारंगढ़//जनता की तकलीफों को आवाज देने एक बार फिर आगे आए नगर पंचायत सारंगढ़ के सभापति मुकेश साहू। मंगलवार को आयोजित जनदर्शन में उन्होंने अपने निर्वाचन क्षेत्र की जर्जर और बदहाल सड़कों की मरम्मत की मांग की।
कलेक्टर ने दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
सभापति साहू ने कहा कि सड़कों की स्थिति इतनी खराब है कि आमजन को हर दिन परेशानी उठानी पड़ रही है। इस पर कलेक्टर डॉ. संजय कन्नौजे ने संबंधित विभाग को फौरन कार्यवाही करने के निर्देश दिए।
बिजली बिल की समस्या भी उठाई
साहू ने बताया कि क्षेत्र में लगातार अत्यधिक बिजली बिलों से लोग परेशान हैं। कई ग्रामीण बिल चुका नहीं पा रहे हैं। इस पर कलेक्टर ने समस्या को गंभीरता से लेते हुए विभागीय स्तर पर जांच और राहत के निर्देश दिए।
दिव्यांग बच्ची के लिए इलेक्ट्रिक साइकिल की मांग
जनदर्शन में सभापति ने अपने क्षेत्र ग्राम परसदा बड़े की दिव्यांग पन्नी पटेल की बेटी के लिए इलेक्ट्रिक साइकिल प्रदान करने की मांग भी रखी। कलेक्टर ने तत्परता दिखाते हुए समाज कल्याण विभाग को प्रस्ताव अग्रेषित किया।
सभापति ने जताया आभार
जनदर्शन में मिली सकारात्मक प्रतिक्रिया पर सभापति मुकेश साहू ने कहा कि कलेक्टर डॉ. कन्नौजे जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील हैं। उन्होंने प्रशासन की तत्परता के लिए आभार जताया।










