
संवाददाता अखिलेश विश्वकर्मा गढ़वा श्री बंशीधर नगर दिवाली की रात जहां हर ओर खुशियों का माहौल था, वहीं श्री बंशीधर नगर थाना क्षेत्र के कोइन्दी गांव में अचानक लगी आग ने एक परिवार की खुशियाँ राख कर दीं।
गांव निवासी बलराम भुइयाँ के मिट्टी के घर में सोमवार रात करीब आठ बजे आग लग गई, जिसमें लाखों रुपये की संपत्ति जलकर खाक हो गई।

मिली जानकारी के अनुसार, दीपावली पर्व मनाने में सभी परिवारजन व्यस्त थे। घर में दीये और पटाखों की रोशनी के बीच किसी को भी अंदेशा नहीं था कि अगला पल भयावह हो जाएगा। अचानक आग की लपटें उठीं और देखते ही देखते पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही मिनटों में घर के भीतर रखे कपड़े, अनाज, बर्तन और जरूरी कागजात सब जलकर राख हो गए।
स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि तब तक बलराम भुइयाँ का सब कुछ जल चुका था

पीड़ित परिवार का कहना है कि आग से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि वे फिर से अपने परिवार के साथ जीवन की राह पर लौट सकें।
स्थानीय प्रशासन ने घटना की जानकारी मिलने के बाद राहत और सहायता का आश्वासन दिया है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। ग्रामीणों का कहना है कि मिट्टी के घर में अचानक लगी आग रहस्य का विषय है। दिवाली की रात खुशियों के बीच घटी इस घटना ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।






