
कटनी, रीठी।। GANESH UPADHYAY VANDE BHARAT LIVE TV NEWS KATNI MP. 
रीठी मुख्यालय सहित ग्रामीण अंचलों में दीपावली पर्व बड़े ही हर्षोल्लास व धूमधाम के साथ मनाया गया। दीपोत्सव के अवसर पर बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। लोगों ने मिट्टी के दीये, झालर, धान की लाई, सिंगाड़े, मिठाई और इलेक्ट्रॉनिक सहित अन्य सामग्रीयों की जमकर खरीददारी की। इस दौरान गणेश भगवान और लक्ष्मी जी की मूर्तियों की मांग भी अधिक रही। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जगह-जगह लाई, मिठाई और खिलौनों की दुकानें सजी रहीं। सोमवार को घर-घर लक्ष्मी पूजन के बाद दीये और आतिशबाजी से आसमान रोशन हो गया। सूर्योदय के साथ घर-घर महालक्ष्मी के आगमन की तैयारियां शुरू हुई। हर द्वार पर सजे वंदनवार शुभागमन कर रहे थे। रंग-बिरंगी झालरें त्योहार की खुशियों में चार चांद लगा रहीं थीं। सूरज ढलते ही आतिशबाजी का दौर शुरू हुआ। नगर के गली-मोहल्ले, कालोनी से लेकर मुख्य सड़क तक दीपावली का जश्न गगनभेदी आतिशबाजी के साथ मनाया गया। देखा गया कि इस खुशी के मौके पर लोगों ने मिठाई बांटकर एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी। बच्चों व युवाओं ने अपने दोस्तों के साथ खूब आतिशबाजी की। दीपावली पर्व को लेकर लोगों में उत्साह चरम पर रहा। वहीं नगर के मंदिरों व देवालयों में भी लोग दर्शन और पूजन के लिए पहुंचे।
आर्य समाज ने जलाए 1351 दीये
रीठी जनपद पंचायत के ग्राम छोटा बरेहटा में भी दीपावली का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। यहां आर्य समाज के द्वारा 1351 दीये जलाकर हवनवेदी में क्षेत्र के कल्याण की कामना करते हुए आहूतियां दी गई। इसके बाद आतिशबाजी कर एक-दूसरे को पर्व की बधाई दी।










