
कोरबा:- छत्तीसगढ़ के कोरबा वन मंडल करतला रेंज के अंतर्गत बड़मार और पीड़िया क्षेत्र में बीती रात हाथियों के एक झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। हाथियों ने खेतों में लगी धान की फसल को रौंद डाला और एक ग्रामीण के खेत में लगे बोर पाइप व पैनल बोर्ड को भी तोड़ दिया।
पीड़िया, सेंद्रीपाली, बड़मार और तीलईडबरा गांवों में दर्जनों किसानों की फसलें पूरी तरह नष्ट हो गईं। ग्रामीणों का कहना है कि यह झुंड रातभर सक्रिय रहा और सुबह होने से पहले पीड़िया जंगल की ओर लौट गया।
घटना की जानकारी मिलते ही वन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण कर क्षति का आंकलन किया। बताया जा रहा है कि हाथियों का यह झुंड उस समय गांव में घुसा जब किसानों की फसलें पककर कटाई के लिए तैयार थीं।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार हो रहे ऐसे हमलों से किसानों की आर्थिक स्थिति पर बुरा असर पड़ रहा है। कई किसानों ने वन विभाग से मुआवजा और सुरक्षा उपायों की मांग की है।







