
7/11/2025

माननीय प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम।जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक द्वारा की गई संयुक्त समीक्षा बैठक
माननीय प्रधानमंत्री जी के प्रस्तावित आगमन को लेकर आज जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक की संयुक्त अध्यक्षता में प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक जिला मुख्यालय स्थित सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में प्रधानमंत्री के दौरे के दौरान की जाने वाली संपूर्ण सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में उपस्थित सभी दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों को प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्पष्ट एवं सख्त निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा के साथ-साथ जनसुविधा एवं यातायात व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही या समन्वयहीनता को गंभीरता से लिया जाएगा।
पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा की दृष्टि से सभी मार्गों, कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, और विश्राम स्थल की सुरक्षा तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। उन्होंने सभी नियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने सेक्टर में सतर्क रहकर हर स्थिति पर पैनी नजर रखें तथा संदेहास्पद गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करें।
बैठक में बताया गया कि प्रधानमंत्री के आगमन के दौरान पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के त्रिस्तरीय प्रबंध किए जा रहे हैं। एसएसजी (Special Security Group) के साथ समन्वय स्थापित कर सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी ने यह भी कहा कि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए यातायात नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था तथा जनसंपर्क टीमों को सक्रिय रखा जाए। सभी मजिस्ट्रेट एवं पुलिस अधिकारी अपने निर्धारित दायित्व स्थल पर समय से उपस्थित रहेंगे।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी, वरीय पुलिस अधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता, सिविल सर्जन सहित अन्य संबंधित विभागों के पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
जिला पदाधिकारी ने अंत में कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा जिले के लिए गौरव का विषय है, अतः सभी अधिकारीगण पूर्ण निष्ठा एवं समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें ताकि कार्यक्रम सफल एवं सुरक्षित रूप से सम्पन्न हो सके।












