

मोरवा थाना: वर्षों से जमे पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप — फर्जी केस में फंसा कर वसूली का खेल!
सिंगरौली। थाना मोरवा में लंबे समय से जमे कुछ पुलिसकर्मियों पर गंभीर आरोप सामने आए हैं। स्थानीय ग्रामीणों और मोरवा क्षेत्र के नागरिकों का कहना है कि इन पुलिसकर्मियों द्वारा आम लोगों को बेवजह फर्जी मुकदमों में फंसाया जाता है और बाद में मोटी रकम लेकर समझौता करवा दिया जाता है।
आरोप है कि वर्षों से एक ही थाने में सेवाएँ देने के कारण इन पुलिसकर्मियों ने क्षेत्र की अधिकांश जनता, उनके कमजोर पक्ष और पारिवारिक परिस्थितियों को भलीभाँति समझ लिया है। इसी जानकारी का दुरुपयोग करते हुए लोगों को आपसी विवादों में उलझाकर केस दर्ज कर दिए जाते हैं और फिर शिकायत वापस लेने या राजीनामा कराने के नाम पर अवैध रूप से धन उगाही होती है।
पीड़ितों का कहना है कि पुलिस और शिकायतकर्ता, दोनों की मिलीभगत से यह अवैध कमाई का खेल चलता है। रकम वसूली के बाद पैसा आपस में बांट लिया जाता है और पीड़ित न्याय के लिए भटकते रह जाते हैं।
स्थानीय जनता इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग कर रही है। उनका कहना है कि यदि इन आरोपों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच कराई जाए तो बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार और अवैध वसूली के कई मामले उजागर हो सकते हैं।
जनता ने पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारियों से अपील की है कि ऐसे पुलिसकर्मियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई हो, ताकि आम नागरिकों में पुलिस के प्रति भरोसा कायम रह सके।






