
दरभंगा, 30 नवम्बर 2025 — प्रेक्षागृह दरभंगा में आयोजित 29वाँ जिला स्तरीय युवा उत्सव-2025 न केवल एक सांस्कृतिक कार्यक्रम था, बल्कि युवा शक्ति, कला और सृजनशीलता का जीवंत प्रतीक भी रहा। कला, संस्कृति एवं युवा विभाग, बिहार तथा जिला प्रशासन, दरभंगा के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस आयोजन ने साबित किया कि यदि युवाओं को सही मंच मिले तो वे राष्ट्र की दिशा और दशा बदलने की ताकत रखते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ वरीय उप समाहर्ता पवन कुमार तथा जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी चंदन कुमार सहित निर्णायक मंडल के सदस्यों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। अपने संबोधन में वरीय उप समाहर्ता पवन कुमार ने स्पष्ट कहा कि इस उत्सव का मकसद प्रतिभाशाली युवाओं को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय मंच तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त करना है, जिससे वे कला, साहित्य, संगीत और रचनात्मकता के क्षेत्र में उत्कृष्ट पहचान बना सकें।
युवा उत्सव में समूह लोकनृत्य, समूह लोकगायन, कविता, कहानी लेखन, वाद-विवाद, चित्रकला जैसी प्रतियोगिताओं ने कार्यक्रम को जीवंत बना दिया। विजेताओं ने अपनी प्रतिभा से यह सिद्ध किया कि दरभंगा की मिट्टी में कला और संस्कृति का अनमोल खजाना है। वाद-विवाद में अमन झा प्रथम, समूह लोकनृत्य में रिया और उनके समूह विजयी रहे। कविता लेखन में ऋषि कुमार, कहानी लेखन में मधु सिंह, समूह लोकगीत में रत्न प्रिया, तथा चित्रकला में श्रवण कुमार प्रथम स्थान पर रहे।
यह आयोजन इस बात का प्रमाण है कि प्रशासन की सकारात्मक पहल और युवाओं की ऊर्जा मिलकर सामाजिक व सांस्कृतिक परिवर्तन की नींव रख सकती है। आज जब तकनीकी परिवर्तन मानव भावनाओं और संस्कृति को पीछे छोड़ने की कोशिश कर रहा है, ऐसे कार्यक्रम युवाओं को अपनी जड़ों और परंपराओं से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।
अतः जिला प्रशासन की यह पहल सराहनीय है और जरूरत है कि ऐसे आयोजन निरंतर हों, ताकि हर प्रतिभाशाली युवा अपने सपनों को उड़ान दे सके।
कार्यक्रम का सफल संचालन राम बुझावन यादव द्वारा किया गया, जो प्रशंसा के पात्र हैं।





















