बिहारदरभंगा

दरभंगा में ‘मंथन 2025’ जिला स्तरीय एकदिवसीय कार्यशाला आयोजित, सात निश्चय पार्ट–3 पर मंथन

दरभंगा में जिलाधिकारी कौशल कुमार की अध्यक्षता में मंथन 2025 कार्यशाला आयोजित, सात निश्चय पार्ट-3 की योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर चर्चा।

दरभंगा, 26 दिसंबर 2025। जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में ‘मंथन 2025’ शीर्षक से जिला स्तरीय अधिकारियों की एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य सरकार की प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, विभागीय समन्वय तथा योजनाओं की नियमित समीक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ करना रहा।

कार्यशाला की शुरुआत में जिलाधिकारी ने उपस्थित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारियों से सात निश्चय पार्ट–3 के अंतर्गत संचालित योजनाओं की प्रगति को लेकर विस्तृत फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आ रही चुनौतियों, उपलब्धियों और आगामी कार्ययोजना पर गहन चर्चा की।

जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सात निश्चय पार्ट–3 से संबंधित जारी गाइडलाइन का गंभीरता से अध्ययन करें और उसके अनुरूप योजनाओं का पारदर्शी, प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ वास्तविक लाभुकों तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

उन्होंने बताया कि सात निश्चय पार्ट–3 के अंतर्गत दोगुना रोजगार–दोगुनी आय, समृद्ध उद्योग–सशक्त बिहार, कृषि में प्रगति–प्रदेश की समृद्धि, उन्नत शिक्षा–उज्ज्वल भविष्य, सुलभ स्वास्थ्य–सुरक्षित जीवन, मजबूत आधार–आधुनिक विस्तार और सबका सम्मान–जीवन आसान जैसे महत्वपूर्ण लक्ष्य शामिल हैं, जो विकसित बिहार के संकल्प को मजबूती प्रदान करते हैं।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, नियमित समीक्षा करने और योजनाओं की सतत निगरानी के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों को अपने कर्मचारियों को संवेदनशील बनाने, कार्यालय आने वाली आम जनता से विनम्र व्यवहार करने, उनकी समस्याओं को धैर्यपूर्वक सुनने और त्वरित समाधान सुनिश्चित करने पर भी विशेष जोर दिया।

कार्यशाला में सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी एवं वरीय अधिकारी उपस्थित रहे। यह कार्यशाला प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने और विकास योजनाओं को धरातल पर सशक्त रूप से लागू करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हुई।

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!