मिशन शक्ति अभियान: कोतवाली पुलिस ने छात्राओं को महिला सुरक्षा और साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी
महराजगंज। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में छात्र-छात्राओं एवं महिलाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव और आपातकालीन हेल्पलाइन सेवाओं के प्रति जागरूक किया।
जागरूकता कार्यक्रम के दौरान पुलिस टीम ने महिला हेल्पलाइन 1090, महिला हेल्पलाइन 181, आपातकालीन सेवा 112, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और साइबर हेल्पलाइन 1930 की जानकारी दी। साथ ही सोशल मीडिया का सुरक्षित उपयोग, ऑनलाइन ठगी से बचाव, महिला एवं बाल सुरक्षा तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया।
पुलिस ने छात्र-छात्राओं से अफवाहों से दूर रहने, सतर्क नागरिक बनने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील की। महराजगंज पुलिस ने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के तहत महिला एवं बाल सुरक्षा को लेकर ऐसे जनजागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।