
समीर वानखेड़े ब्यूरो चीफ :
अन्न और औषध प्रशासन विभाग के आयुक्त तुकाराम मुंढे की सख्त कार्रवाई का असर अब उपराजधानी नागपुर में भी दिख रहा है। किचन में भारी गंदगी और अस्वच्छता पाए जाने पर FDA की टीम ने शहर के 3 बड़े होटलों के फूड लाइसेंस तत्काल रद्द कर दिए हैं।
3 होटलों पर कार्रवाई
FDA की जांच में जिन होटलों के लाइसेंस रद्द किए गए हैं उनमें शामिल हैं:
इंडियन तंदूर – काटोल रोड
द हट फॅमिली रेस्टोरेंट – जगदीशनगर
फॅमिली गार्डन रेस्टोरेंट – फेटरी
जांच के दौरान इन होटलों के किचन में बड़े पैमाने पर चूहे पाए गए। साथ ही किचन और खाने की जगहों पर गंदगी का साम्राज्य था। खाद्य सुरक्षा के मानकों का उल्लंघन पाए जाने के बाद विभाग ने तुरंत कार्रवाई करते हुए तीनों होटलों के परवाने निरस्त कर दिए।
तुकाराम मुंढे के नेतृत्व में चल रही इस कार्रवाई से मिलावट और गंदगी करने वालों में हड़कंप मच गया है। इसे अब “तुकाराम मुंढे इफेक्ट” के नाम से भी जाना जा रहा है।
RO के पानी से 30 लोग बीमार
दूसरी ओर नागपुर शहर में एक बर्थडे पार्टी में RO के कैन का पानी पीने से 30 लोगों को उल्टी और मरोड़ की शिकायत हुई है।
शुरुआत में आशंका थी कि यह नगर निगम के पानी की वजह से हुआ है, लेकिन जांच में पता चला कि समस्या RO के कैन के पानी के कारण हुई। यह घटना नागपुर के हनुमान नगर क्षेत्र के एक सभागृह में आयोजित कार्यक्रम के दौरान हुई।
FDA और स्वास्थ्य विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पानी के सैंपल भी लिए गए हैं।
प्रशासन की अपील
FDA ने नागरिकों से अपील की है कि वे बाहर खाना खाते समय होटल की साफ-सफाई जरूर देखें। साथ ही किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर तुरंत अन्न और औषध प्रशासन विभाग को सूचित करें।















