
महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम के तहत जागरूकता अभियान

एकल बुजुर्ग महिलाओं एवं दम्पतियों को बताए सुरक्षा के उपाय, राजकोप सिटिजन ऐप कराया डाउनलोड
पाली, 14 जुलाई। महिला सुरक्षा एवं जनजागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को कालिका पेट्रोलिंग टीम एवं एंटी रोमियो टीम की ओर से लाखोटिया उद्यान में महिला सुरक्षा संकल्प कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में एकल बुजुर्ग महिलाओं एवं एकल बुजुर्ग दम्पतियों को व्यक्तिगत सुरक्षा, साइबर अपराधों से बचाव तथा आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित सहायता प्राप्त करने के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान एंटी रोमियो टीम की हेड कांस्टेबल पार्वती एवं कालिका पेट्रोलिंग टीम की हेड कांस्टेबल राधा डारा ने उपस्थित महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों को जागरूक करते हुए कहा कि बदलते समय में सतर्कता ही सुरक्षा का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने अजनबी व्यक्तियों पर सहज विश्वास नहीं करने, किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की तत्काल पुलिस को सूचना देने तथा साइबर ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के उपायों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों के मोबाइल फोन में राजकोप सिटिजन ऐप डाउनलोड करवाकर उसके विभिन्न फीचर्स की जानकारी दी गई। ऐप के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त करने, शिकायत दर्ज कराने, आपातकालीन सेवाओं का उपयोग करने तथा सुरक्षा संबंधी सुविधाओं के बारे में विस्तार से समझाया गया।
विनोद एवं मनोज कंवर ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य केवल कानून व्यवस्था बनाए रखना ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक वर्ग विशेषकर महिलाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना भी है। उन्होंने सभी से अपील की कि किसी भी प्रकार की परेशानी, उत्पीड़न अथवा संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें तथा सुरक्षा संबंधी मोबाइल एप एवं हेल्पलाइन सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित महिलाओं एवं बुजुर्ग दम्पतियों ने पुलिस की इस जनहितकारी पहल की सराहना करते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम नियमित रूप से आयोजित किए जाने की आवश्यकता जताई














