बिहारदरभंगा

डीएम ने एमजीएनआरईजीए योजनाओं की समीक्षा, जल संरक्षण और रोजगार सृजन पर दिया जोर

दरभंगा में जिलाधिकारी ने मनरेगा योजनाओं की समीक्षा की, जल संरक्षण और रोजगार सृजन पर जोर, ग्रामीण विकास में पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित।

दरभंगा, 06 जनवरी 2026।
जिलाधिकारी दरभंगा श्री कौशल कुमार की अध्यक्षता में मंगलवार को समाहरणालय स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत संचालित महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (एमजीएनआरईजीए) योजनाओं की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में चल रही मनरेगा योजनाओं की प्रगति, गुणवत्ता और क्रियान्वयन की स्थिति पर विस्तार से चर्चा की गई।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्रोग्राम पदाधिकारी, मनरेगा से जिले में संचालित विभिन्न योजनाओं की अद्यतन जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जल संचयन को जिले की प्राथमिक आवश्यकता बताते हुए संबंधित अधिकारियों को जल संरक्षण से जुड़ी गतिविधियों को तेज करने के निर्देश दिए। इसके तहत निजी खेत पोखर एवं सार्वजनिक तालाबों की पहचान कर उनके निर्माण और जीर्णोद्धार कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने पर बल दिया गया।

ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी ने पंचायत स्तर पर विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक जॉब कार्ड बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अधिक से अधिक परिवारों को मनरेगा से जोड़ना सरकार की प्राथमिकता है, जिससे ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर रोजगार मिल सके।

इसके अतिरिक्त जिलाधिकारी ने उप विकास आयुक्त को मनरेगा अंतर्गत निर्मित खेल मैदानों की जांच कराने का निर्देश दिया, ताकि उनकी गुणवत्ता और उपयोगिता सुनिश्चित की जा सके। अंत में उन्होंने सभी अधिकारियों को मनरेगा योजनाओं का प्रभावी, पारदर्शी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में उप विकास आयुक्त श्री स्वप्निल, डीआरडीए निदेशक, डीपीओ मनरेगा सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं अधिकारीगण उपस्थित थे।

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!